प्रतिनिधि,गिरिडीह। देश में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं।वहीं बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार के दिशा-निर्देश पर गिरिडीह स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस लिया है। कोविड सेंटरों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया गया है। वहीं शनिवार को बरहमोरिया स्थित कोविड सेंटर और सदर अस्पताल का उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने तैयार हो रहे आरटीपीसीआर लैब, पीसीए प्लांट, वार्ड, कोविड जांच केंद्र, समेत अन्य संसाधनों का निरीक्षण किया। साथ ही सिविल सर्जन शिव प्रसाद मिश्रा को सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।
मौके पर स्वास्थ्य महकमा की ओर उपायुक्त को मॉक ड्रिल कर दिखाया गया l इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने दिखाया कि कोविड मरीज मिलने पर कैसे उसे पीपीइ किट पहन कर एम्बुलेंस से सेंटर लाया जाएगा और फिर जांच कर उन्हें जरुरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी।
इस बाबत उपायुक्त लकड़ा ने कहा कि कोविड के केसों में इजाफा देखते हुए व्यवस्थाओं का मुआयना किया गया।अगर कोरोना के मामले आते हैं तो उसके लिए पर्याप्त तैयारी की गयी है। साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।





