वरीय संवाददाता,रांची। रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के महाप्रबंधक (ऑपरेशन एंड टाउन प्लैनिंग) गजानंद राम काउंसिल आफ आर्किटेक्चर के उपाध्यक्ष बन गये हैं। भारत सरकार के उच्च शिक्षा मंत्रालय अंतर्गत काउंसिल आफ आर्किटेक्चर के विभिन्न पदों पर हुए चुनाव में गजानंद राम ने बाजी मारी है।





नई दिल्ली में सोमवार को आयोजित इस चुनाव में विभिन्न राज्यों और केंद्र सरकार से कुल 52 प्रतिनिधि सदस्य हैं, जिसमें 47 सदस्यों ने वोटिंग में हिस्सा लिया। उपाध्यक्ष पद पर हुए मतदान में सीधी टक्कर में गजानंद राम को कुल 31 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 15 मतों से पराजित किया।





इस चुनाव में गजानंद राम को मिली सफलता के बाद झारखंड में कार्य कर रहे आर्किटेक्ट संगठनों के बीच खुशी की लहर देखी जा रही है। राज्य सरकार के कई बड़े पदाधिकारियों ने भी गजानंद राम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।





ज्ञात हो कि काउंसिल आफ आर्किटेक्चर में सभी राज्यों की ओर से प्रतिनिधि होते हैं, जिसमें झारखंड की ओर से गजानंद राम पहले से सदस्य हैं। इन्हीं 52 सदस्यों के बीच के चुनाव संपन्न होता है।