प्रतिनिधि, गोड्डा। बुधवार को झारखंड राज्य स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय अवस्थित कदबा टोला में उपायुक्त गोड्डा जिशान कमर ,पुलिस अधीक्षक गोड्डा नाथू सिंह मीना, उप विकास आयुक्त गोड्डा स्मिता टोप्पो, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, कार्यपालक दंडाधिकारी मनोज कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी मोनिका बास्की, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम,जिला समाज कल्याण पदाधिकारी गोड्डा अनीशा कुजूर,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह जिला कल्याण पदाधिकारी गोड्डा अविनाश कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी की गरीमामयी उपस्थिति में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत् -शत् नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा संयुक्त रूप से झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन पर जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त के द्वारा बताया गया कि भगवान बिरसा मुंडा हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं, हमें भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों का पालन करते हुए एक सशक्त समाज के निर्माण में अपना अहम योगदान देना चाहिए।उन्होंने कहा जिस उद्देश्य झारखंड राज्य का निर्माण हुआ है, उसे हम सब मिलकर पूरा करेंगे। राज्य सरकार इसे लेकर दृढ़ संकल्पित है। जिले में आगामी 24 नवंबर से 26 दिसंबर 2023 तक आपकी योजना, आपकी सरकार,आपके द्वार कार्यक्रम पुनः शुरू हो रहा है। सभी अधिकारियों और लोगों से निवेदन है कि अपने-अपने पंचायत में जाए। सरकार का दृढ़ संकल्प है कि सभी योग्य लाभुकों को सरकार की हर योजना का लाभ मिले। हम लोग आपके द्वार आपके पंचायत जा रहे हैं, ताकि हर किसी को उसका समुचित अधिकार मिल सके। इस बार सख्त निर्देश है कि कोई भी व्यक्ति, लाभुक वंचित न रहे। सभी पदाधिकारी इस कार्यक्रम में अपना बेहतर योगदान देंगे।





