प्रयागराज।उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र में एक सात साल की मासूम के साथ दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है।एक महिला ने गोद ली गई बच्ची के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।आरोप है कि महिला ने मासूम को कुकर और प्रेस से जलाया और बच्ची का हाथ मरोड़ कर तोड़ दिया।क्रूर महिला का दिल नहीं भरा तो उसने बच्ची के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाल दी।मामले में पुलिस ने आरोपी महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।





बता दें कि कुछ साल पहले आरोपी महिला ने बच्ची को गोद लिया था।आरोपी महिला मासूम बच्ची से नौकरानी की तरह घर का काम करवाती थी।मासूम से जब कुछ गलती हो जाती तो उसको टॉर्चर करती थी।शनिवार को मासूम को घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंची आरोपी महिला ने डॉक्टरों बताया कि खेलते समय बच्ची का हाथ टूट गया है, लेकिन डॉक्टरों ने बच्ची की हालत देख कर मामले में जांच-पड़ताल शुरू कर दी।जांच-पड़ताल में डॉक्टरों को आरोपी महिला द्वारा बच्ची के साथ की गई हैवानियत के बारे में पता चला।डॉक्टरों को बच्ची के शरीर में नोंचने और जलने के निशान दिखाई दिए।साथ ही बच्ची के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी पड़ी हुई थी।इसके बाद डॉक्टरों ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी।पुलिस ने बच्ची से पूछताछ की तो पता चला कि वह कानपुर की रहने वाली है।उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है।उसको कोई लखनऊ लेकर आया था और वहीं से इस बच्ची को आरोपी महिला ने गोद लिया था।बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है,उसका छावनी हॉस्पिटल में उसका इलाज किया जा रहा है।





मिली जानकारी के अनुसार धूमनगंज थाना क्षेत्र के प्रीतम नगर के सनशाइन अपार्टमेंट के बी ब्लॉक के 102 नंबर फ्लैट में यह महिला मासूम बच्ची को लेकर 4 महीने पहले आई थी।आरोपी महिला का पति अरुण सिन्हा छावनी के आर्मी स्कूल में शिक्षक है और अपनी पत्नी अंजना सिन्हा के साथ साल भर पहले इस फ्लैट में रहने आया था। दोनों इस मासूम बच्ची को अपने रिश्तेदार की बेटी बताता था और गोद लेने की बात कही थी।





इस मामले में धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपी दंपत्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।आरोपी अंजना सिन्हा और उसके पति अरुण कुमार सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया है।