प्रतिनिधि,चतरा। चतरा शहरी इलाके लाइन मुहल्ला के मो० इफ्तेखार आलम पिता मो० क्यामुद्दीन के बैंक खाते से 50 हजार 110 रुपए उड़ाने वाले साइबर अपराधी को चतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।भुक्तभोगी इफ्तेखार आलम ने बीते 23 फ़रवरी को सदर थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया था कि उनके खाता से 50 हजार 110 रूपये की साइबर अपराधी द्वारा ठगी कर ली गयी है।इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 40 / 2023, दिनांक- 23.02.203 धारा 420 भादवि एवं 66 (सी०)/06 (डी०) आईटी एक्ट के अन्तर्गत कांड दर्ज किया गया था।
सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में इस आशय की जानकारी देते हुए चतरा एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चतरा पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए एक छापामारी टीम का गठन किया। टीम का नेतृत्व अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार कर रहे थे। छापामारी दल द्वारा देवघर जिला के ग्राम डुमरतर थाना कोर्रा से उदय कुमार दास उर्फ सोनू पिता हृदय महरा को गिरफ्तार किया गया। जिसने अपना अपराध स्वीकारा किया है।
एसडीपीओ श्री कुमार ने बताया कि अपराधी के पास से टेल कम्पनी का ब्लू रंग का एक कीपेड मोबाइल बरामद किया गया है।जिसका सिम नं0-7645947673 लगा हुआ है।इसके अलावा आधार कार्ड नं0-331916941026,अभियुक्त द्वारा तोड़े गए मोबाइल का टुकड़ा व एसबीआई का क्रेडिट कार्ड का कागजात बरामद किया गया है।छापामारी दल में एसडीपीओ अविनाश कुमार,सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मनोहर करमाली, पुलिस अवर निरीक्षक कौशल कुमार सिंह,सशस्त्र बल के जवान एवं तकनिकी शाखा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय चतरा के सदस्य शामिल थे।





