प्रतिनिधि,चतरा। रंगो के महापर्व होली से पूर्व अवैध नशा कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस और उत्पाद विभाग का संयुक्त महाभियान चलाया। एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने शनिवार को आबकारी विभाग के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की। चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर स्थित ऊंटा मोड़ इलाके में अवैध रूप से संचालित तीन अवैध देशी शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। वहीं 700 किलो जावा महुआ व 50 लीटर देशी शराब को जप्त कर लिया। मौके पर संयुक्त टीम ने जावा महुआ को विनष्ट कर दिया।शराब भट्ठी को ध्वस्त करने के बाद चतरा पुलिस संचालकों की पहचान कर कार्रवाई में जुट गयी है।





थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि होली के दौरान तस्करों द्वारा बाजार में जहरीली देशी नकली शराब आपूर्ति की योजना बनाई जा रही थी। जिसे पुलिस व उत्पाद विभाग की टीम ने समय रहते पकड़ लिया। अभियान में थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मनोहर करमाली व उत्पाद निरीक्षक निर्मल मरांडी समेत पुलिस और उत्पाद विभाग के अधिकारी व जवान शामिल थे।