पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,चतरा।जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घूस लेते हुए पंचायत सचिव अजय साव को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
धर्मेंद्र साव ने ग्राम-असढ़िया में मेन रोड से देवी मंडप तक पीसीसी पथ निर्माण कार्य के लिए 2,10,000 रुपये की योजना प्राप्त की थी और मार्च महीने में उन्हें 1,00,000 रुपये का भुगतान प्राप्त हुआ।शेष 1,10,000 रुपये के भुगतान के लिए उन्होंने पंचायत सचिव अजय साव से संपर्क किया, लेकिन अजय साव ने उनसे 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी।
धर्मेंद्र साव ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हजारीबाग को आवेदन दिया। सत्यापन के बाद अजय साव पर रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया गया और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हजारीबाग थाना कांड संख्या-05/2024 दिनांक-03.04.2024, धारा-7 (ए) भ्रष्टाचार निरोधक (संशोधित) अधिनियम-2018 के तहत मामला दर्ज किया गया।
4 अप्रैल 2024 को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की ट्रैप टीम ने दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में अजय साव को धर्मेंद्र साव से 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद अजय साव के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।





