प्रतिनिधि,चतरा। शहर के बस स्टैंड से सटे छोटकी देवरिया गांव में मंगलवार की देर रात गांव में आई बारात में शामिल होने गयी एक 17 वर्ष की नाबालिग युवती को अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बगल के ही एक खेत मे डालकर हत्यारे फरार हो गए। वहीं शव की हालत को देखकर बलात्कार होने की संभावना जताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर मौके पर चतरा एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में पहुंची सदर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। हत्यारों की तलाश में पुलिस ने डॉग स्क्वाइड की टीम बुलाई है।
आपको बताते चलें कि मृत युवती हजारीबाग के एक होस्टल में रहकर दसवीं की पढ़ाई कर रही थी। मृतिका के पिता भुवनेश्वर पांडेय ने बताया कि होली की छुट्टी में घर आई थी और घर पर ही रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के दिन उनकी पुत्री यह बताकर घर से निकली की वह गांव में अपनी सहेली की शादी में जा रही है और रात को वहीं रुकेगी और सुबह लौटेगी। पिता ने बताया कि जब सुबह में घर नहीं लौटी तो उसकी खोजबीन की गई।पता नहीं चलने पर उसके मोबाइल में फोन किया गया। परन्तु फोन भी ऑफ मिला। दिल मे घबराहट सी हुई,लगातार खोजबीन के बाद उसके शव को एक खेत मे मिलने की सूचना प्राप्त हुई।बहरहाल हत्याकांड की घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का वातावरण है।





