पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।पिछले दिनों गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बोरियो में एक आदिवासी युवती की बलात्कार के बाद हत्या की बात सामने आई थी।पुलिस के अनुसंधान में यह बाते सामने आई है कि युवती की हत्या नही की गई थी बल्कि उसने खुद आत्महत्या की थी।
पुलिस ने यह दावा किया है कि प्रेम प्रसंग में उसने यह कदम उठाया है।जिस लड़के से वह प्यार करती थी उसके साथ वह शादी करना चाहती थी। शादी से इंकार करने पर युवती ने आत्महत्या की है। पुलिस को युवती के मृत्यु के पूर्व कॉल डिटेल्स भी मिले हैं,जिसमें युवती ने कई बार अपने प्रेमी को फोन किया था,लेकिन प्रेमी के द्वारा फोन नही उठाया गया था।
सिटी एसपी अजीत कुमार ने गोबिंदपुर थाना में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि युवती के भाई द्वारा बहन की हत्या की सूचना पुलिस को दी गई थी।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। चूंकि युवती के घर पर कोई भी नही था, इसलिए भाई को प्रथम दृष्ट्या लगा कि उसकी हत्या हुई है,लेकिन मामले के अनुसंधान के बाद यह साफ हुआ कि उसने आत्महत्या की थी। युवती करीब दो वर्षों से युवक से प्रेम करती थी। युवती शादी के लिए बार-बार बोल रही थी,लेकिन वह शादी से मना कर रहा था,जिससे उसने आत्महत्या करने का कदम उठाया।





