वरीय संवाददाता,रांची।छात्र नेता समाजसेवी और अनेक सामाजिक-धार्मिक संगठनों से जुड़े अशोक कुमार सिन्हा उर्फ़ प्रेसिडेंट का इलाज के क्रम में नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया।वे पिछले कुछ महीने से लीवर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।शुरुआत में रांची के सदर अस्पताल एवं रिम्स में चिकित्सा के दौरान उनकी गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली स्थित एम्स ले जाने की सलाह दी थी और उन्हें जनसहयोग से दिल्ली भेजा गया था।





स्व.सिन्हा डाल्टनगंज के जीएलए कॉलेज में दो बार छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गये थे। उन्होंने डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो बार विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। अलग झारखण्ड राज्य के गठन सम्बंधित आंदोलन में स्व. सिन्हा ने बहुत सक्रिय भूमिका निभाई थी। वे लम्बे समय से रांची में रहते थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी हैं।उनके असामयिक निधन पर उनके मित्रों एवं शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर दौड़ गयी है।





पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. सिन्हा के अकस्मात निधन से मर्माहत हैं। उनके निधन पर अनुज तिवारी, अरविन्द पाठक, डॉ. प्रणव कुमार बब्बू, राजीव रंजन मिश्रा, प्रो.अरुण सिंह,मौलेश सिंह, अशोक पुरोहित, अभिषेक कुमार मिंकू, बिनय दूबे, मुजीब कुरैशी, विजय दत्त पिंटू, सूरज सिन्हा, बाबा संजय रत्नम, विजय गुप्ता सहित अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।