प्रतिनिधि,पालोजोरी। आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर झामुमो की सरकार बने इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव घूम कर लोगों को हेमंत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देना है। यह सभी बातें सोमवार को दुमका लोकसभा सांसद नलिन सोरेन ने पालोजोरी स्थिति जेएमएम पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं।
नलिन सोरेन ने कहा की क्षेत्र की जनता से मिले प्यार व स्नेह की बदौलत उन्हें दुमका लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व का मौका मिला है। वह जनता के हर आशाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गौरव की बात है कि जिस लोकसभा संसदीय सीट से उनके आदर्श व दिसोम गुरु शिबू सोरेन ने प्रतिनिधित्व किया है, उस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व का मौका जनता ने उन्हें दिया है। उन्होंने राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं का लाभ जनता को उठाने के लिए कहा।
पालोजोरी पहुंचने पर जेएमएम कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में सांसद नलिन सोरेन का स्वागत किया। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद पहली बार पालोजोरी पहुंचने पर जेएमएम के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत फूल मालाओं व बुके देकर किया।
पूर्व विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि सांसद नलिन सोरेन से उनका बरसों पुराना संबंध रहा है।यह गौरव की बात है कि आज नलिन सोरेन हमारे सांसद हैं इनकी सही सोच व झारखंड की जनता की भलाई को लेकर इनकी सोच की चर्चा पूरे झारखंड में होती है। आशा है कि सांसद महोदय क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
नरसिंह मुर्मू ने डीएमएफटी फंड के दुरुपयोग का मामला सांसद के समक्ष उठाया।नरसिंह मुर्मू ने कहा कि सारठ विधायक द्वारा डीएमएफटी फंड का उपयोग अपने निजी लाभ के लिए किया गया है इसलिए इसकी जांच होनी चाहिए। सांसद ने आश्वासन दिया कि इस फंड की जांच कराई जाएगी।
मौके पर पूर्व विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह, झारखंड आंदोलनकारी चिंहितिकरण आयोग के सदस्य नरसिंह मुर्मू, जिला परिषद सदस्य मिसिर हांसदा, परिमल सिंह, इश्तियाक मिर्जा, प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल रहीम,भावेश दास सहित अन्य मौजूद थे।





