प्रतिनिधि,जमशेदपुर।विश्व विख्यात टाटा स्टील कंपनी और जमशेदपुर शहर के संस्थापक जमशेद जी नसरवानजी टाटा के 184वीं जयंती संस्थापक दिवस समारोह पर गुरुवार को टाटा संस के वाइस चेयरमैन नोएल टाटा ने शहर को दो नई सौगात भेंट की है। जिसके तहत साकची कीनन स्टेडियम के पास उनके द्वारा कोरोना वारियर्स पार्क का उद्घाटन किया गया। साथ ही बिस्टुपुर क्षेत्र के सीएच एरिया रोड नंबर 5 स्थित नेचर ट्रेल का भी उद्घाटन उन्होंने किया। वहीं टाटा संस के चेयरमेन एन चंद्रशेखरन किसी कारणवश समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
उद्घाटन समारोह के दौरान टाटा स्टील जमशेदपुर वर्क्स के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन, पत्नी रुचि नरेंद्रन, वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी, टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा, संजीव पॉल, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी, उपाध्यक्ष शैलेश सिंह, महामंत्री सतीश सिंह, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज हेड रुना राजीव कुमार, अमित गुप्ता समेत अन्य उपस्थित रहे।
कोरोना वारियर्स पार्क में वारियर्स की आदमकद प्रतिमा लगाई गई है। जबकि ढाई किलो मीटर लंबी नेचर ट्रेल को भी पर्यावरण की खूबसूरती दी गई है। इसका मुख्य गेट बिष्टुपुर मरीन ड्राइव में है। साथ ही दूसरा गेट सीएच एरिया रोड नंबर 5 में मौजूद है। नेचर ट्रेल में अभी कई सारे काम बाकी है। जिसके कारण इसे पब्लिक के लिए नहीं खोला गया है। नेचर ट्रेल में शहर के लोगों को जंगल का अनुभव होगा। नेचर ट्रेल एक कचरा डंपिंग एरिया था और जिसे कंपनी द्वारा विकसित किया गया है। साथ ही नेचर ट्रेल के 21 एकड़ के दायरे में लगभग 19 हजार पौधे भी लगाए गए हैं। लोगों को पर्यावरण के नजदीक लाने में यह एक अहम कदम है। यहां पानी के ट्रीटमेंट के साथ-साथ बड़ा पुल होते हुए लोगों के सर सपाटे का पूरा इंतजाम भी है। पूरे एरिया में टहलने के लिए पाथवे भी बनाया गया है।
3 सालों में नेचर ट्रेल को चार हिस्सों में बनाया गया है। जिसमें घने जंगल के हिस्से को भी विकसित किया गया है। वहीं टाटा संस के वाइस चेयरमैन नोएल टाटा ने गुरुवार की संध्या जुबली पार्क में बटन दबाकर आकर्षक विद्युत सज्जा का भी उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जेएन टाटा को अपनी श्रद्धांजलि भी दी। उनके साथ साथ वहां मौजूद गणमान्य लोगों ने भी जेएन टाटा को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।





