पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,पाकुड़।जिले के नवीनगर और झिकरहाटी के नयापाड़ा गांव के लोगों के बीच जमीन विवाद को लेकर बुधवार को जमकर बमबाजी हुई। बमबाजी इतनी हुई कि मानो दिवाली आ गई हो।बमबाजी से गांव में दहशत का माहौल फैल गया।हालांकि घटना में जानमाल के नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है।सूचना मिलते ही मालपहाड़ी ओपी सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों गुट के लोग फरार हो गए। इधर घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद दलबल के साथ नवीनगर पहुंचे और इलाके में शांति व्यवस्था बहाली को लेकर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद ने बताया कि बीते कुछ दिन पूर्व पत्थरघट्टा गांव के निकट जमीन खरीद बिक्री को लेकर नगरनबी और झिकरहाटी नयापाड़ा गांव के ग्रामीणों के बीच विवाद चल रहा था। बीती देर रात से विवाद उत्पन्न हुआ था और आज सुबह से जमकर एक दूसरे पर बमबारी एवं फायरिंग की गयी। पुलिस के पहुंचते ही उपद्रवी भाग खड़े हुए।इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए पुलिस कैंप कर रही है।
इधर पुलिस ने कई सुतली बम और खोखा घटनास्थल से बरामद भी किया है।पुलिस ने उपद्रव मचाने वालों को चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया है। बता दें कि जमीन विवाद को लेकर बीते 3 जुलाई को नवीनगर और नयाटोला गांव के ग्रामीणों के बीच मारपीट व बमबाजी हुई थी,जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस मामले में मालपहाड़ी ओपी की पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही थी कि बुधवार को फिर विवाद उत्पन्न हो गया है।बहरहाल पुलिस दोनों गांव में कैंप कर रही है।मामला फिलहाल शांत है। पुलिस दोषियों की चिन्हित कर रही है।





