प्रतिनिधि,चतरा। चतरा सदर थाना अंतर्गत अकौना गांव में बुधवार की दोपहर बजे दो परिवारों के बीच भूमि विवाद को जमकर लाठियां व कुल्हाड़ी चली। इस घटना में एक पक्ष के प्रदीप यादव पिता ननकू यादव की मृत्यु हो गयी। मारपीट की घटना में तीन घायलों को सदर अस्पताल चतरा में भर्ती करवाया गया है।





झगड़ा की शुरूआत दूसरे पक्ष द्वारा प्रदीप यादव की जमीन में पत्थर गिराना बताया जाता है। जब मृतक प्रदीप इस बात के लिए आपत्ति जताने गया तो उसी क्रम में सुनील यादव नाम के व्यक्ति ने टांगी से उसपर हमला कर दिया। हमलावर ने प्रदीप यादव के चेहरे व छाती पर वार किया,जिससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी कलशवा देवी ने स्थानीय सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन दिया है। प्राथमिकी में गांव के सुनील यादव,रामस्वरूप यादव,सुरेश यादव,बबिता देवी व सरिता देवी पर घटना को कारित करने का आरोप लगाया गया है।





घायलों में मृतक का भाई प्रभु यादव पिता ननकू यादव,सुरेश यादव व फुलवा देवी पति प्रभु यादव का सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। अस्पताल में इलाजरत प्रभु यादव व फुलवा देवी ने बताया कि ग्रामीणों के इक्ट्ठा हो जाने के कारण इनकी जान बच गयी।