प्रतिनिधि,बिहिया। थाना क्षेत्र के बिहिया नगर स्थित जज बाजार में आपसी जमीन विवाद को लेकर रविवार की दोपहर गोली चलने से बाजार में भगदड़ मच गयी। हालांकि गोली चलने की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची बिहिया पुलिस ने दो खोखा बरामद करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिये गये व्यक्ति का नाम रामबाबू गुप्ता है जो कि बिहिया नगर के पूर्व पार्षद के पति हैं।
जानकारी के अनुसार जज बाजार निवासी एक ही परिवार के दो भाइयों के बीच वर्षों से जमीन का विवाद चला आ रहा है। इसी दौरान रविवार की दोपहर में दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गयी। मारपीट की घटना में एक पक्ष के द्वारिका प्रसाद के पुत्र गौतम कुमार जख्मी हो गए। मारपीट के दौरान ही फायरिंग शुरू हो गयी। बताया जाता है कि इस दौरान चार से पांच राउण्ड फायरिंग की गयी। मामले को लेकर एक पक्ष के द्वारिका प्रसाद द्वारा 4 नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ तथा दूसरे पक्ष के मथुरा प्रसाद के पुत्र संतोष प्रसाद के बयान पर कई नामजद के खिलाफ आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





