वरीय संवाददाता,रांची। जय भारत सत्याग्रह यात्रा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह झारखंड प्रभारी अविनाश पाण्डे का झारखंड आगमन हो रहा है। इस आशय की जानकारी देते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि 4 अप्रैल को दोपहर 03:45 बजे इंडिगो सेवा विमान से बिरसा मुंडा हवाई अड्डा रांची पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी 04 अप्रैल से लेकर 16 अप्रैल तक झारखंड में ही प्रवास करेंगे तथा 11 दिनों तक चलने वाली 1950 किमी की जय भारत सत्याग्रह यात्रा के जिलावार कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि चार अप्रैल को सभी जिला मुख्यालयों में लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च का आयोजन होगा। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी स्वयं राज्य की राजधानी रांची में आयोजित लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च में शामिल होगें, जो शाम 5.30 बजे स्थानीय जिला स्कूल प्रांगण स्थित शहीद स्थल से आरंभ होगा और कचहरी चौक होते हुए राजभवन तक जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, नेता विधायक दल आलमगीर आलम, कांग्रेस के सभी मंत्रीगण विधायकगण, कार्यकारी अध्यक्षगण, प्रदेश पदाधिकारी सहित अग्रणी मोर्चा संगठन विभाग के पदाधिकारी, जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी एवं नेतागण उपस्थित रहेंगे।
ज्ञात हो कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश के आलोक में झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के आहवाहन पर जय भारत सत्याग्रह कार्यक्रम के तहत राज्य के सभी जिलों के प्रखण्ड क्षेत्रों के अन्तर्गत हाट बाजारों चौक-चौराहों में नुक्कड़ सभा का कार्यक्रम आयोजन कर आम जनता के बीच मोदी सरकार के अलोकतांत्रिक एवं तानाशाही चरित्र का पर्दाफाश करने का कार्य झारखंड प्रदेश के अंतर्गत तमाम जिला इकाइयों के तत्वावधान में किया जा रहा है।
भारत सत्याग्रह यात्रा की शुरूआत लोहरदगा से
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि जय भारत सत्याग्रह यात्रा की शुरूआत लोहरदगा जिला में प्रातः 10 बजे से होगी, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड, दुमका, जामताड़ा धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर, सरायकेला, खरसावा, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा, खूंटी, सिमडेगा, रामगढ़, होते हुए रांची पहुंचेगी, जहां 16 अप्रैल को 1950 किमी चलने वाली इस यात्रा का समापन होगा। यात्रा के क्रम में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सभी जिलों में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सभा एवं कार्यकर्ता बैठकों में शामिल रहेंगे। जय भारत सत्याग्रह कार्यक्रम एवं जयभारत सत्याग्रह यात्रा कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों में संबंद्ध जिला के प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, एआईसीसी एवं प्रदेश प्रतिनिधियों, जिला, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, प्रखण्ड, मण्डल एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
सोमवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उपरोक्त कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए बनाई गई नियंत्रण कक्ष के संयोजक केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर की मौजूदगी में नियंत्रण कक्ष की सदस्यों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अमुल्य नीरज खलखो, रवीन्द्र सिंह, राकेश सिन्हा, मदन मोहन शर्मा, सुरेन्द्र सिंह, रमा खलखो, राजीव रंजन प्रसाद, डॉ एम तौसीफ, आभा सिन्हा, नेली नाथन उपस्थित थीं।





