प्रतिनिधि,बगोदर। बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामुनिया नदी के पास रेत पर एक युवक का शव बरामद किया गया है। बताया जाता है कि जब मंगलवार की सुबह कुछ ग्रामीण नदी की ओर गए तो रेत पर एक शव पड़ा हुआ देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई,जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले कर जांच में जुट गई। इधर मृतक युवक की पहचान हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के बरांय बाराघाट निवासी अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है।
बरांय के मुखिया राजेंद्र कुमार मंडल ने बताया कि युवक दैनिक मजदूरी का काम करता था और वह प्रतिदिन मजदूरी करने के लिए बगोदर जाता था। सोमवार को भी मजदूरी करने के लिए बगोदर गया हुआ था।जब शाम में युवक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने काफी खोजबीन की,लेकिन कुछ पता नहीं मिला। उधर मंगलवार की सुबह युवक का शव नदी किनारे मिलने की सूचना परिजनों को मिलते ही इलाके में मातम छा गया।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।वहीं ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे लग गई।सूचना मिलते ही भाकपा माले विधायक विनोद सिंह थाना व बगोदर प्रमुख आशा राज घटनास्थल पर पहुंचे।





