पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,पाकुड़।धनुषपूजा विद्यालय में जिला प्रशासन पाकुड़ और बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से संचालित एंडवेर अकादमी संस्थान से रेलवे की प्रतियोगिता परीक्षा में दो छात्रों को सफलता मिली है। इसमें हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत देवपुर के शिवम कुमार शाह और बगशीशा के दुर्योधन साहा को रेलवे ग्रुप डी में सफलता मिली है।रेलवे प्रतियोगिता परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों को उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल की ओर से बधाई दी गई है।
उपायुक्त ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। असफल छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि चाहे कितनी भी मेहनत करनी पड़े,जो छात्र असफल हुए हैं वें भी ना घबराएं। उनके लिए अवसर आते रहेंगे। इसके लिए प्रयास बहुत ही जरूरी है। उन्होने कहा कि आप अगर चाहे तो अपने मुकाम को हासिल कर सकते हैं। इसके लिए जुनून और जज्बा पैदा करना होगा।
ज्ञात हो कि जिला प्रशासन पाकुड़ और बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से यहां के गरीब बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग संस्थान संचालित किया जा रहा है। यहां अभ्यर्थियों को धनबाद के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान के अनुभवी शिक्षकों से मार्गदर्शन और शिक्षा दी जा रही है। यहां छात्र और छात्राओं को निशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।





