प्रतिनिधि, सिमडेगा। जिला स्तरीय दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया।मेला का उदघाटन उपायुक्त आर. राॅनीटा ने फीता काट कर एवं दीप प्रज्वलित कर स्वास्थ्य मेला का शुभारंभ किया।मौके पर सिविल सर्जन डॉ. नवल कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र कुमार, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, जिला आयुष चिकित्सक पदाधिकारी, प्रेस के मीडिया बंधुओं एवं अन्य पदाधिकारी गण मौजूद थे।





उपायुक्त ने स्वास्थ्य मेला में लगे सभी स्टाॅलों का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में सभी स्टाॅलों से जानकारी ली तथा निःशुल्क दवाइयां और परामर्श वितरण की समीक्षा कर महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी उनकी समस्याओं के बारे में जाना।तथा ग्रामीणों से इस स्वास्थ्य मेला में अपना स्वास्थ्य जांच कराते हुए इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने की बात कही। उपायुक्त ने सिविल सर्जन सिमडेगा को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए इस स्वास्थ्य मेला को सफल बनाने हेतु प्रचार-प्रसार कराने की बात कही। साथ ही आयुष्मान कार्ड योजना से छूटे हुए लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित करने का निर्देश दिया।





मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पंजीकरण काउंटर, पुरुष ओ.पी.डी., महिला ओ.पी.डी. परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिंद जांच, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष कार्यक्रम, दवा वितरण, राष्ट्रीय टी.बी. उन्मूलन कार्यक्रम, कुष्ठ निवारण कार्यक्रम, मलेरिया, एन.सी.डी. जांच, टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, पीसी एंड पीएनडीटी एवं खून जांच से संबंधित स्टाॅल लगाया गया।