पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,इटखोरी,चतरा। गर्मी की तपिश के साथ-साथ चुनावी तपिस में भी तेजी से वृद्धि होते जा रही है। जैसे-जैसे चुनाव के दिन नजदीक आते जा रहे हैं।वैसे-वैसे विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता उत्साह और लगन के साथ अपने-अपने कार्य क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क कर अपने दल के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।इसी कड़ी में झारखंड के पूर्व भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष रविंद्र राय बुधवार को इटखोरी पधारे।भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविन्द्र राय का स्वागत किया।





इस दरमियान रविंद्र राय ने इटखोरी के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ विचार विमर्श किया। इस क्रम में इटखोरी के धुना पंचायत में जनसभा की। इस सभा में उपस्थित लोगों के बीच उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के विचारों को रखा। उन्होंने कहा कि देश का सर्वांगीण विकास, देश के नागरिकों का सर्वांगीण विकास, अपने झारखंड प्रदेश का सर्वांगीण विकास केंद्र की मजबूत सरकार के द्वारा ही संभव है। एक मजबूत सरकार ही देश के विकास की गाड़ी को गति दे सकती है।





विगत 10 वर्षों के मोदी सरकार के कार्यों को प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा की आजादी के बाद पहली बार लगा है कि देश में सरकार नाम की कोई चीज है। चिकित्सा, शिक्षा विदेश नीति, सड़कों का विकास आदि तमाम तरह के विकास की मोदी सरकार ने एक गाथा लिखी है। इस सरकार का कार्यकाल अपने आप में एक ऐतिहासिक कार्यकाल के रूप में माना जाता है। इसलिए हम सब का यह दायित्व बनता है कि हम अधिक से अधिक अपने मतों का प्रयोग कर एक बार फिर चुने मोदी सरकार। आपका मत न हो बेकार फिर एक बार मोदी सरकार अबकी बार 400 पार का आह्वान करते हुए रविन्द्र राय ने मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।





इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे। सभी कार्यकर्ता और समर्थकों ने ध्वनि मत से इस संकल्प को दोहराया फिर एक बार मोदी सरकार अबकी बार 400 पार। चतरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी कालीचरण सिंह को 5 लाख से भी अधिक मतों से विजयी बनाने का संकल्प दोहराया।