प्रतिनिधि,चौपारण(हजारीबाग)। झारखंड प्रदेश सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा राज्य इकाई के द्वारा वेतनमान की मांग को लेकर फिर से आंदोलन की रणनीति तय की गई। आंदोलन की रणनीति के तहत रविवार को बरही विधानसभा के तीन प्रखंडो चौपारण बरही और पदमा के सैकड़ों सहायक अध्यापको ने विधायक सह निवेदन समिति के सभापति उमाशंकर अकेला यादव के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष संजय दुबे की उपस्थिति में मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र को सौपते हुए सरकार द्वारा किए गए वादे को याद कराया और झारखंड सरकार से वेतनमान दिलाने का आग्रह किया।
इस सम्बंध में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय दुबे ने बताया कि चुनावी घोषणापत्र का अनुपालन न होने के स्थिति में वादा पूरा करो हेमंत सरकार, सहायक अध्यापक आपके द्वार सांगठनिक कार्यक्रम के तहत झारखण्ड सरकार के 4 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में सहायक अध्यापकों का 28 दिसंबर से अनिश्चितकालीन मुख्यमंत्री आवास का घेराव एवं अन्य आंदोलन कार्यक्रम करेंगे। उससे पूर्व सत्तापक्ष के सभी विधायकों के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नाम रविवार को मांग पत्र सौंपा गया।
बता दें कि पत्र में कहा गया है कि झारखण्ड मुक्ति मोर्चा एवं कांग्रेस के महागठबंधन ने गत विधानसभा चुनाव के पूर्व वादा किया था कि सरकार बनने के तीन माह के अन्दर सभी पारा शिक्षकों को वेतनमान दिया जाएगा।साथ ही कहा गया था कि सरकार बनने से पूर्व माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भी संविदा-संवाद कार्यक्रम में ये वादा किये थे कि सरकार बनने के साथ ही "समान काम का समान वेतन के तहत पारा शिक्षकों को वेतनमान का तोहफा दिया जाएगा मगर सरकार बनने के चार वर्ष गुजर जाने के बाद भी वेतनमान सहित अन्य मुद्दों पर सकारात्मक पहल नहीं किए जाने से राज्य भर के सहायक अध्यापकों में आक्रोश व्याप्त है। सहित अन्य बातों को भी याद कराया गया है।





