झारखंड में सरकार बदली पर कार्य संस्कृति नहीं,लूट खसोट बदस्तूर जारी:बाबूलाल मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने सभी 14 लोकसभा सीटों पर एनडीए के जीत का किया दावा
पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखण्ड में हेमंत सोरेन की सरकार हो या चंपाई सोरेन की, कोई अंतर नहीं है। राज्य में सरकार जरूर बदली पर कार्य संस्कृति नहीं बदली। पूरे राज्य में लूट खसोट बदस्तूर जारी है।इस सरकार में पदाधिकारियों का ट्रांसफर और पोस्टिंग एक उद्योग का रूप ले चुका है। क़ानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है।किसी भी दफ्तर में बगैर चढ़ावा कोई कार्य नहीं होता। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के कारण जेल के अंदर हैं। अब उनका क्या होगा अदालत बताएगी। बाबूलाल ने उक्त बातें तिसरी प्रखंड के नारोटांड में मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कही। वे भाजपा नेता रामचंद्र ठाकुर की माता के श्राद्धकर्म में उपस्थित होने के लिए नारोटांड स्थित उनके आवास पर पहुंचे थे।
बाबूलाल मरांडी ने राज्य के सभी 14 लोकसभा सीटों पर पार्टी के जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी पूरी तरह दुरुस्त है।जनता पूरी तरह भाजपा के साथ है। लिहाजा राज्य की कुल 14 लोकसभा सीटें एनडीए की झोली में जायेंगें।कहा कि बीते 10 वर्षों में मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी। वहीं चुनाव के मद्देनज़र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी कमर कस ली है। संपर्क अभियान चलाकर कार्यकर्ता प्रत्येक घर तक पहुंचेंगे। मरांडी ने कहा कि आगामी चुनाव में झारखंड में महागठबंधन की सरकार द्वारा किया गया भ्रष्टाचार भी एक बड़ा मुद्दा होगा।
बाबूलाल मरांडी ने तिसरी प्रखंड के दो सड़कों का किया भूमि पूजन
इसके पूर्व ही बाबूलाल मरांडी ने सुदृढ़ीकरण होने वाले प्रखंड के दो अलग-अलग सड़कों का भूमि पूजन भी किया।उन्होंने सर्वप्रथम मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना द्वारा 3.54 करोड़ की लागत से बनने वाले गोलगो से कानिचिहार वाया बेडमी तक सड़क सुदृढ़ीकरण का भूमि पूजन किया,जिसके बाद वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ लोकाय पहुंचे। जहां उन्होंने 7.20 करोड़ की लागत से बनने वाले लोकाय - नयनपुर से बरदौनी तक सड़क सुदृढ़ीकरण का भी भूमि पूजन किया।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल मरांडी जिंदाबाद, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद,अन्नपूर्णा देवी जिंदाबाद आदि नारे लगाए।
मौके पर भाजपा नेता रामचंद्र ठाकुर, अशोक उपाध्याय, अजय रंजन, प्रमुख राजकुमार यादव, राजू यादव,रविंद्र पंडित,सुनील शर्मा, सुनील साव, उदय साव, सोनू हेमब्रम, डब्लू सिंह,प्रहलाद सिंह,दिनेश ठाकुर,इलियास अंसारी, रुस्तम अली, विकास मंडल आदि लोग उपस्थित थे।
इसके अलावा इस योजना के तहत ही लक्ष्मीपुर से नावाडीह तक 2.4 किलोमीटर लंबी सड़क का 1.18 करोड़ की राशि से और मनसाडीह से साखम तक 1.88 करोड़ की लागत से सुदृढ़ीकरण होना है।





