विशेष संवाददाता
रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन शनिवार को पूरा दिन विधानसभा में हंगामा होता रहा। भोजनावकाश के पूर्व दो बार विधानसभा स्थगित हुई और भोजनावकाश के बाद दूसरी पाली में जैसे ही विधानसभा की कार्यवाही शुरु हुई भाजपा विधायकों का दल फिर से वेल में आकर हंगामा करने लगा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष बार-बार भाजपा विधायकों से अपने स्थान पर बैठने का आग्रह करते रहे, लेकिन उनका अनुरोध बेअसर रहा। अंततः विधानसभाध्यक्ष ने सदन को आगामी 13 मार्च के पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
न तो प्रश्नकाल हो सका और न ही शून्य काल
भाजपा विधायक सदन में नियोजन नीति पर सरकार का रुख जानना चाहते थे। वे बार-बार स्पीकर से नियोजन नीति पर मुख्यमंत्री के बयान की मांग कर रहे थे। हालांकि कई बार स्पीकर रबीन्द्र नाथ महतो ने भाजपा विधायकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वेल में आकर हंगामा कर रहे भाजपा विधायकों पर उनके अनुरोध का कोई असर नहीं हुआ। भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा का कहना था कि नियोजन नीति को लेकर सरकार की स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है। युवाओं के बीच अभी भी भ्रांतियां हैं। ऐसे में सदन मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का बयान सुनना चाहता है।
होली मिलन कार्यक्रम का भाजपा विधायकों ने किया बहिष्कार
विधानसभा परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह का भाजपा विधायकों ने बहिष्कार कर दिया।भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने नियोजन नीति को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि अगर उनकी बातें नहीं मानी गई तो वे सरकारी होली कार्यक्रम का भी बहिष्कार कर देंगे और आखिर में भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में आयोजित होली कार्यक्रम से भी खुद को अलग कर लिया।नतीजतन विधानसभा परिसर में इसबार मनाई गई होली फीकी रही।
बताया गया कि इस बार होली मिलन समारोह में पंडित छन्नु लाल मिश्र के पोते को होली गायन के लिए बुलाया गया है। उन्होंने भी पंडित छन्नु लाल मिश्र के गाये सुप्रसिद्ध होली गीत खेले मसाने में होली दिगम्बर, खेले मसाने में होली गाकर माहौल को होलियाना बनाने की कोशिश की।





