वरीय संवाददाता,रांची।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बुधवार को झारखंड विधानसभा के चल रहे शीतकालीन सत्र में सदन की कार्यवाही देखने आए केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ धुर्वा, रांची के विद्यार्थियों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इन विद्यार्थियों को विधानसभा के महत्व और संचालन से जुड़ी जानकारी दी। इस मौके पर विद्यार्थियों ने भी मुख्यमंत्री से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र और विधानसभा को लेकर विद्यार्थियों की जिज्ञासा की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रियता से लोकतंत्र को और मजबूती दी जा सकती है।





खरसावां डिग्री कॉलेज में घंटी आधारित शिक्षकों की होगी नियुक्ति:मंत्री मिथिलेश ठाकुर





रांची। झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन बुधवार को विधायक दशरथ गगराई ने सदन में कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत खरसावां डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसर के पदों पर नियुक्ति नहीं होने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि खरसावां डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसर के 17 पद सृजित हैं जबकि कॉलेज सिर्फ प्रभारी प्राचार्य के भरोसे चल रहा है। जवाब में प्रभारी मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड सरकार ने 281 नियमित और 34 बैकलॉग सहायक प्राध्यापकों के पद पर नियुक्ति के लिए जेपीएससी को अधियाचना भेजी है। जब तक नियुक्ति नहीं होती है तब तक कॉलेज में घंटी आधारित शिक्षकों से पढ़ायी करायी जायेगी। मंत्री ने एक महीने में घंटी आधारित शिक्षक नियुक्त करने का आश्वासन दिया।





समीर मोहंती ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के चालू नहीं होने का मामला उठाया





रांची।विधायक समीर मोहंती ने सदन में चाकुलिया नगर पंचायत के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के चालू नहीं होने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि 2022 में प्लांट बनकर तैयार हो चुका है,लेकिन अब तक इसे चालू नहीं किया गया है। इस पर जवाब देते हुए प्रभारी मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि प्लांट का निर्माण होने के बाद उसे चालू करने के लिए तीन प्रकार के प्रमाण पत्र को प्राप्त करना जरूरी होता है, जिनमें से दो प्रमाण पत्र एनवायरमेंटल क्लीयरेंस और कंसेंट टू एस्टेब्लिश प्रमाण पत्र को प्राप्त कर लिया गया है। सिर्फ कंसेंट टू ऑपरेट प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाना बाकी है। इसके मिलने के बाद प्लांट सुचारू रूप से शुरू हो जायेगा।





दलितों और आदिवासियों से छद्म सहानुभूति न दिखायें इरफान: अमर बाउरी





रांची। कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने सदन में कहा कि भाजपा के लोग यह प्रचार कर रहे हैं कि उनके तीन विधायकों का निलंबन युवाओं के पक्ष में आवाज उठाने पर हुआ है जबकि यह सही नहीं है। वे सदन में हंगामा कर रहे थे। इसलिए निलंबित किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल के नेता अमर बाउरी दलित समुदाय से आते हैं, लेकिन भानु प्रताप शाही और बिरंची नारायण जैसे विधायक दलित और आदिवासी से प्रेम का दिखावा करते हैं। इसपर अमर बाउरी ने कहा कि इरफान अंसारी ने उनके प्रति जो सहानुभूति दिखायी है, वह छद्म सहानुभूति है। असल में दलित और आदिवासियों के प्रति उनके मन में सहानुभूति का भाव है ही नहीं। उन्होंने इरफान को अपने और अपने दल की चिंता करने की सलाह दी।





स्वास्थ्य विभाग में 19621 पद स्वीकृत, सिर्फ 6414 कर्मी कर रहे काम





रांची। राज्य में स्वास्थ्य विभाग में 19621 पद स्वीकृत हैं, लेकिन उनमें से सिर्फ 6414 पदों पर ही कर्मचारी काम कर रहे हैं।यानी स्वीकृत पद के लगभग 33 प्रतिशत पदों पर ही कर्मचारी हैं। बाकी 67 फीसदी पद खाली हैं। सदन में विधायक नीरा यादव के पूछे सवाल पर स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी है। नीरा यादव ने सरकार से यह भी कहा कि कोडरमा में चिकित्सा पदाधिकारी ने 2022 से अब तक आउटसोर्सिंग में की गयी नियुक्ति में भारी गड़बड़ी की है। इसपर सरकार ने जवाब दिया कि नियमित स्वीकृत पद पर आईपीएच मानक के आधार पर आउटसोर्सिंग कर्मियों की नियुक्ति हुई है।





सदन में चौथे दिन भी जारी रहा विपक्ष का हंगामा, 16 मिनट में ही स्थगित हुई सदन की कार्यवाही





रांची। शीतकालीन सत्र के चौथे दिन भी सदन में गतिरोध जारी रहा। विपक्ष के विधायकों द्वारा हंगामा दौर जारी रहा। हंगामा को देखते हुए स्पीकर डॉ रबीन्द्र नाथ महतो को महज 16 मिनट में ही सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद प्रश्नकाल के दौरान बीजेपी विधायक रणधीर सिंह और ढुल्लू महतो वेल में पहुंचकर हंगामा और नारेबाजी करने लगे। वहीं बीजेपी विधायक अमित मंडल ने कहा कि स्पीकर दोनों पक्ष के कस्टोडियन होते है। कल जनहित के मुद्दे उठाने पर 3 विधायकों को निलंबित किया गया ये उचित नहीं, इनका निलंबन वापस लें। बीजेपी विधायक ढुल्लू महतो ने सूचना के माध्यम से धनबाद में अवैध माइनिंग में लिप्त लोगों पर करवाई करने के लिए स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि अवैध माइनिंग के कारण गरीब आदिवासी दलित की मौत हुई हैं। वहीं कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष दलित है,लेकिन इनके विधायक ही इनका अपमान करते हैं। इसपर नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने इरफान अंसारी के आरोपों पर कहा कि ये गलत सहानभूति का प्रयास है जबकि ये खुद मेरे बारे में क्या-क्या टिप्पणी करते है दुनिया सब देख रही है। बाउरी ने कहा कि मेरे जैसे साधारण व्यक्ति को पार्टी ने ये जिम्मा दिया है इरफान सहानभूति न दिखाएं। साथ ही नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने स्पीकर से निलंबित विधायकों का निलंबन वापस करने का आग्रह किया। इसपर स्पीकर ने कहा कि आपको साथ लेकर समय पर सदन में इन बातों को कहूंगा। इसपर फिर से बीजेपी के विधायक वेल में पहुंच गए। इस दौरान विधायकों ने न्याय की मांग की।





सत्ता पक्ष के तीन-तीन विधायकों की सूचनाएं ली फिर भी कह रहे अन्याय हुआ: स्पीकर





राची। बीजेपी विधायकों द्वारा न्याय की मांग पर स्पीकर रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि आपके साथ कहां अन्याय हुआ है। हमने सत्ता पक्ष के तीन विधायकों की सूचनाएं ली फिर भी हम पर आरोप लगा रहे हैं कि आपके साथ अन्याय हुआ है।मैं सबकी सूचना लूंगा, प्रश्नकाल चलने दें। साथ ही स्पीकर ने बीजेपी विधायकों से अपनी सीट पर जाने का आग्रह किया। इस दौरान बीजेपी के विधायक वेल में पहुंचकर काली पट्टी लगाते हुए नारेबाजी की। विधायकों के हंगामे के बीच स्पीकर ने सदन की कार्यवाही साढ़े 12: 30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।