टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार बने एएसपी,डीआईजी ने कंधे पर अशोक स्तंभ लगाकर दी शुभकामनाएं





रांची से स्थानांतरित होकर फरवरी माह में प्रभात रंजन बरवार ने टंडवा में दिया था योगदान





पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,चतरा। विगत फरवरी माह में रांची से स्थानांतरित होकर चतरा जिले के टंडवा में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर योगदान देने वाले प्रभात रंजन बरवार को अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर प्रोन्नति मिली है। राज्य सरकार द्वारा एएसपी के पद पर प्रोन्नति दिये जाने के बाद गुरुवार को हजारीबाग में डीआईजी सुनील भास्कर ने टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के कंधे पर अपने कार्यालय में पिपिंग सेरेमनी कार्यक्रम में अशोक स्तंभ लगाकर शुभकामनाएं दी।इस अवसर पर डीआईजी ने नवप्रोन्नत अधिकारी को पुष्प गुच्छ देकर भी सम्मानित किया।





डीआईजी ने कहा कि जिस उत्साह और ऊर्जा के साथ अबतक की पुलिस सेवा में पुलिस उपाधीक्षक के तौर पर प्रभात रंजन बरवार ने अपनी बेहतर कार्यक्षमता का परिचय दिया है। आशा है कि सरकार और महकमे द्वारा दी गई नई जिम्मेवारी को भी उसी ऊर्जा और उत्साह के साथ अंजाम तक पहुंचाएंगे।





नवप्रोन्नत अपर पुलिस अधीक्षक प्रभात रंजन बरवार ने कहा कि अबतक मैंने ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए खाकी की गरिमा को गौरवान्वित करने का प्रयास किया है और आगे भी मेरा प्रयास होगा कि इसकी गरिमा बनाए रखूंगा। साथ ही पुलिस और पब्लिक के बीच मैत्री संबंध को प्रगाढ़़ बनाते हुए इंसाफ की उम्मीद लेकर मेरे कार्यालय तक पहुंचने वाले फरियादियों को इंसाफ दिलाने की दिशा में भी सकारात्मक भूमिका निभाता रहूंगा। वरीय अधिकारियों के अपेक्षाओं पर भी खरा उतरने का भरपूर प्रयास मेरे द्वारा अब तक किया गया है और आगे भी किया जाता रहेगा। सरकार ने मुझे जो नई जिम्मेवारी सौंपी है, उसे टास्क के रूप में प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास करूंगा।





प्रभात रंजन बरवार ने कहा कि सरकार और विभाग के वरीय अधिकारियों के उम्मीदों पर खरा उतरने का मेरा हर संभव प्रयास रहेगा। आम लोगों के बीच पुलिस की छवि कैसे सुधरे इस दिशा में भी कानून सम्मत कार्रवाई करते हुए इस दिशा में सार्थक पहल करूंगा।





जेपीएससी तृतीय बैच के डीएसपी हैं प्रभात रंजन, इससे पूर्व कई जिलों में दे चुके हैं अपनी सेवा





राज्य सरकार द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर प्रोन्नति पाने वाले प्रभात रंजन बरवार जेपीएससी तृतीय बैच के अधिकारी हैं। वे चतरा के टंडवा में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर योगदान देने से पूर्व राजधानी रांची, लोहरदगा, पलामू, गिरिडीह व चाईबासा में भी एसडीपीओ के पद पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही साथ झारखंड जगुआर में भी रहकर नक्सलियों के विरुद्ध विशेष अभियान का नेतृत्व कर चुके हैं।