टीडीएस/टीसीएस से संबंधित एक दिवसीय सेमिनार का हुआ आयोजन





टीडीएस/टीसीएस के कटौती व नए प्रावधानों,उलंघन, ब्याज पेनाल्टी और अभियोजन के प्रावधानों पर हुई विस्तृत चर्चा





प्रतिनिधि, चतरा। बुधवार को जिले के विकास भवन के सभा कक्ष में आयकर विभाग, टीडीएस वार्ड बोकारो द्वारा टीडीएस/टीसीएस पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया,जिसमें मनीष कुमार झा आईआरएस अपर आयकर आयुक्त टीडीएस परिक्षेत्र 2 रांची, कमलेश कुमार सिन्हा आयकर टीडीएस अधिकारी बोकारो द्वारा टीडीएस/टीसीएस के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने इस सेमिनार में उपस्थित सभी चतरा जिला में स्थित राज्य एवं केन्द्र सरकार के विभिन्न डीडीओ/ कटौतीकर्ता को सही दर से टीडीएस काटने एवं कांटे गए टीडीएस को सरकारी खाते में जमा करने और समय पर त्रिमासिक स्टेटमेंट फाइल करने का भी अनुरोध किया।उन्होंने आगे यह भी बताया कि गलत जानकारी भरने के कारण टैक्स काटे गए व्यक्ति को उनके व्यक्तिगत रिटर्न भरने में परेशानी होती हैं। साथ ही टीडीएस के बेमेल होने के कारण उनके ऊपर आयकर का बकाया भी हो जाता है। जबकि उनका टैक्स डीडीओ/ कटौतीकर्ता द्वारा पहले ही काट लिया जाता है। न्यू टैक्स रेगिम के बारे में भी विस्तार पूर्वक बताया। इस सेमिनार में टीडीएस/टीसीएस के नए प्रावधानों के अलावा टीडीएस/टीसीएस प्रावधानों के उल्लंघन होने पर ब्याज पेनाल्टी और अभियोजन के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।उक्त कार्यक्रम में अपर समाहर्त्ता पवन कुमार मंडल, जिले के सभी विभाग के कार्यालय प्रधान समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।