पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा शुक्रवार को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कार्यालय कक्ष में मादक पदार्थों के विरूद्ध जागरूकता अभियान को लेकर मोरहाबादी मैदान में प्रस्तावित राज्यस्तरीय जागरूकता कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई।





बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) रांची उत्कर्ष कुमार, जिला नज़ारत उप समाहर्ता रांची सुदेश कुमार,जिला जन संपर्क पदाधिकारी रांची उर्वशी पांडे,जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रांची सुरभि सिंह एडीएम (नक्सल),जिला खेल पदाधिकारी रांची शिवेंद्र सिंह एवं सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।





उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने सम्बंधित सभी पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए इस दौरान होने वाली सारी व्यवस्था सुनिश्चित रूप से तय समयानुसार पूरा करें।उपायुक्त द्वारा कहा गया कि मादक पदार्थों के विरूद्ध जागरूकता अभियान का प्रचार-प्रसार व्यापक तरीके से कराया जाये।





मैराथन और साइकिल रैली का आयोजन





मोरहाबादी मैदान में प्रस्तावित राज्यस्तरीय जागरूकता कार्यक्रम में मैराथन,मानव श्रृंखला और साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा,जिसके जरिये लोगों को नशा मुक्ति का संदेश दिया जाएगा।





बता दें कि मादक पदार्थों पर रोक के लिए संकल्पित राज्य सरकार द्वारा 19 जून से 26 जून तक वृहत जन जागरूकता एवं प्रचार प्रसार का कार्य किया जा रहा है। व्यापक पैमाने पर आमजनों को इस मुहिम से जोड़कर ही नशा मुक्त झारखंड का निर्माण संभव है। 26 जून 2024 को रांची स्थित मोराबादी मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है।