प्रतिनिधि,जमशेदपुर।शहर के डॉन अखिलेश सिंह के नाम पर रंगदारी वसूलने वाले अपराधकर्मी कन्हैया सिंह को पुलिस शहर लेकर पहुंची। कन्हैया को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया गया था। यहां पहुंचने के बाद एसपी सिटी के. विजय शंकर के नेतृत्व में पुलिस ने अपराधी कन्हैया सिंह के हाथ में हथकड़ी और कमर में रस्सा बांधकर साकची बाजार में लोगों के बीच घुमाया।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में वह व्यापारियों को रंगदारी के लिए लगातार धमका रहा था। साथ ही उन्हें अवैध वसूली में भी लगा हुआ था। वह अपराधियों की नई फौज भी तैयार कर रहा था। उसका मनोबल तोड़ने के लिए ही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे बाजार में घुमाया। जबकि दूसरी ओर जिले के एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस ऑफिस में आयोजित संवाददाता सम्मलेन में बताया कि गिरफ्तार अपराधकर्मी कन्हैया सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार उसका पीछा कर रही थी। अंततः उसे गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता भी मिली। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।





