पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,पाकुड़।भाजपा ने जिले के प्रत्येक बूथ पर 23 जून को राष्ट्रीय एकता व अखंडता के पर्याय,महान शिक्षाविद प्रखर राष्ट्रवादी और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाया।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय के साथ उपस्थित सभी सम्मानित पदाधिकारीगण और कार्यकर्तागण ने शहर के टीन बंगला स्थित डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदमकद प्रतिमा पर भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित किया।





इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय ने कहा कि डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के द्वारा भारत के विकास में किए गए अनुकरणीय योगदान एवं भारत की एकता को और अधिक मजबूत बनाने के लिए किए गए अद्वितीय प्रयासों के लिए प्रत्येक भारतीय हमेशा उनके ऋणी रहेंगे।अमृत पांडेय ने कहा कि तत्कालीन नेहरू सरकार में धारा 370 के तहत विशेष दर्जा दे दिए जाने के कारण जम्मू-कश्मीर में अलग झण्डा,अलग संविधान एवं वहां के मुख्यमंत्री का वजीरे आजम अर्थात प्रधानमंत्री कहलाए जाने के साथ भारत के अन्य राज्यों से वहां जाने के लिए परमिट लेना आवश्यक कर दिए जाने पर इसका पूरजोर विरोध करते हुए डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने संसद में अपने भाषण में धारा 370 को समाप्त करने की जोरदार वकालत कर एक देश में दो विधान दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे का नारा बुलंद किया था।उन्होंने तत्कालीन नेहरू सरकार को चुनौती देते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने एवं उसे भारत का पूर्ण और अभिन्न अंग बनाने के लिए वर्ष 1952 में जम्मू की विशाल रैली को संबोधित करते हुए अपना संकल्प व्यक्त किया था कि या तो वे जम्मू के लोगों को भारतीय संविधान प्राप्त करायेंगे या फिर इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए अपना जीवन बलिदान कर देंगे,जिसके बाद वे अपने इस संकल्प को पूरा करने के लिए वर्ष 1953 में बिना परमिट लिये जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर निकल पड़े,परन्तु वहां पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार कर नजरबन्द कर दिए जाने से श्रीनगर की जेल में 23 जून 1953 को संदेहास्पद स्थिति में उनकी मृत्यु की खबर आई।





अमृत पांडेय ने कहा कि देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले मां भारती के ऐसे वीर सपूत डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें शत-शत नमन करता हूं।आज देश खुश है कि उनके अधूरे सपने को हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2019 को धारा 370 को हटाकर पूरा किया। डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जयंती दिवस पर 6 जुलाई 2024 तक भाजपा द्वारा पखवाड़ा के तहत प्रत्येक बूथ पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण एवं जल स्त्रोतों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाएगी।