नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस में आज शाम प्रस्तावित 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के तिरंगा मार्च से ठीक पहले माहौल गर्मा गया है। दिल्ली पुलिस ने एहतियातन बड़ा कदम उठाते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को उनके दिल्ली स्थित ठिकाने पर जाकर आधिकारिक नोटिस थमा दिया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति के मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

एनसीपी प्रवक्ता के घर पहुंचे पुलिसकर्मी

मिली जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके इन दिनों नई दिल्ली के झंडेवालान स्थित एनसीपी प्रवक्ता अनीश गावंडे के आवास पर ठहरे हुए हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे दिल्ली पुलिस की नई दिल्ली जिला यूनिट का दल अनीश गावंडे के घर पहुंचा और अभिजीत दीपके को नोटिस सौंपा।

इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए एनसीपी प्रवक्ता अनीश गावंडे ने पत्रकारों से कहा, "मुझे अभी पता चला है कि पुलिस यहां आई है। मैं लंच के लिए बाहर गया था। वे हमारे मेहमान हैं; मैं उन्हें चाय पिलाऊंगा और पूछूंगा कि वे यहां क्यों आए हैं। पहले मुझे नोटिस पढ़ लेने दीजिए। हम सभी को तिरंगा यात्रा में भाग लेना चाहिए, हम जाएंगे।"

इसे भी पढ़ेंः अभिजीत दीपके का INDI गठबंधन को समर्थन, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज!

क्यों नहीं मिली तिरंगा यात्रा की अनुमति?

कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित होने वाले इस तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर तथा सीजेपी के पिछले आचरण (कंडक्ट) को ध्यान में रखते हुए, इस अति संवेदनशील नई दिल्ली जिले में किसी भी स्थिति में यात्रा की अनुमति नहीं दी जा सकती है।

प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि यदि इसके बावजूद मार्च निकालने का प्रयास किया गया, तो कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

#DelhiPolice #CockroachJantaParty #TirangaMarch #ConnaughtPlace #AbhijeetDipke #AnishGavande #DelhiNews #LawAndOrder