राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान भारी हंगामा और हिंसा देखने को मिली। प्रशासन द्वारा प्रदर्शन की अनुमति न दिए जाने और सख्त निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद सीजेपी कार्यकर्ताओं ने जंतर मंतर तक मार्च

निकालने की कोशिश की।

आकाशवाणी भवन के पास इम्तियाज अली मार्ग पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बैरिकेड्स तोड़कर पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस हिंसक झड़प में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए मौके से कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया।

इसे भी पढ़ेंः ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका: सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को भेजा नोटिस, अंतरिम रोक से इनकार

सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखते हुए नई दिल्ली जिले को 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया था। कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों से पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश कर रहे 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। कई प्रदर्शनकारियों को बसों में भरकर ले जाया गया, इस दौरान वे "इंकलाब जिंदाबाद" के नारे लगाते नजर आए।

उल्लेखनीय है कि प्रदर्शन से पहले ही प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सीजेपी के प्रमुख नेताओं—अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रंका—को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही हिरासत में ले लिया था। स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।

#दिल्लीन्यूज #मुख्यचुनावआयुक्त #सीजेपीप्रदर्शन #कानूनव्यवस्था #दिल्लीपुलिस #BreakingNewsIndia

#DelhiNews #CEC #CJPProtest #LawAndOrder #DelhiPolice #BreakingNews