प्रयागराज।प्रयागराज के रास्ते नई दिल्ली से चलकर वाराणसी तक जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 20 मार्च से सप्ताह में छह दिन चलेगी। वंदे भारत पहले 5 दिन ही चलती थी। बता दें कि वीवीआइपी सेमी हाई स्पीड वाली ट्रेन लोगों में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है इसमें सफर करना यात्रियों की पहली पसंद होती है।
बताते चलें कि 15 फरवरी 2019 में वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच शुरू हुआ था।ट्रेन संख्या 22436 और 22435 चार वर्षों से सप्ताह में 5 दिन चल रही थी। फूलपुर भारतीय जनता पार्टी की सांसद केसरी देवी पटेल ने वंदे भारत के फेरे बढ़ाने के लिए कई बार पत्र भी लिखा था।कई मुख्य त्योहारों पर दूसरे शहरों से आने जाने वाले नौकरी करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। दिल्ली से प्रयागराज जाने के लिए यात्रियों की भीड़ लगी ही रहती है।
22 मार्च से नवरात्र शुरू होने से अब ट्रेनों में बुकिंग कराने के लिए यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है।नवरात्र के पहले कई रूटों पर चलने वाली ट्रेनों में कुछ विशेष दिनों में टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। 20 मार्च से जम्मू विंध्यांचल और सतना मैहर रोड पर चलने वाली ट्रेनों में लोग बुकिंग कराने के लिए परेशान दिखाई दे रहे हैं। वहीं मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए लोग जम्मू जाने वाली उधमपुर एक्सप्रेस में टिकट तलाश रहे हैं, लेकिन इस ट्रेन में वेटिंग 130 से ज्यादा चल रही है।





