नई दिल्ली। सर्दियों की दस्तक के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने कमर कस ली है। आगामी 1 अक्टूबर से पूरे NCR क्षेत्र में बिना वैध पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट (PUCC) वाले वाहनों को पेट्रोल, डीजल या CNG देने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

हाल ही में CAQM चेयरपर्सन राजेश वर्मा की अध्यक्षता में सुरक्षा एवं प्रवर्तन सब-कमेटी की 26वीं समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सरकार द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया।

इसे भी पढ़ेंः दिल्ली में सर्दियों के प्रदूषण पर सरकार का बड़ा एक्शन प्लान:1 नवंबर से वर्क फ्रॉम होम और दोगुनी पार्किंग फीस लागू

रणनीतियां और कड़े कदम:

  • ईंधन स्टेशनों पर ANPR तकनीक: बिना वैध PUCC वाहनों की पहचान और स्वचालित चालान के लिए फ्यूल स्टेशनों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं।
  • पुराने वाहनों (EoL) पर शिकंजा: एंड-ऑफ-लाइफ (EoL) और पुराने वाहनों को जब्त करने तथा स्क्रैप कराने की कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी।
  • ट्रैफिक एवं ऑटोमेटेड चालान: ट्रैफिक जाम वाले प्रमुख हॉटस्पॉट्स पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) और ANPR आधारित स्वचालित चालान व्यवस्था लागू की जा रही है।
  • पराली प्रबंधन पर सख्त नजर: पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पराली जलाने की घटनाओं को शून्य करने के लिए फसल विविधीकरण, डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) और फसल अवशेष प्रबंधन जैसे उपायों की समीक्षा की गई।
  • डीजल ऑटो-रिक्शा का खात्मा: NCR के जिलों से 31 दिसंबर तक डीजल ऑटो-रिक्शा को चरणबद्ध तरीके से पूरी तरह हटाने और स्वच्छ ईंधन वाली बसों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।

इसे भी पढ़ेंः ट्राई का स्पैम कॉल्स पर बड़ा प्रहार: टेलीकॉम कंपनियों को बिना शिकायत AI से कार्रवाई करने का सख्त निर्देश

  • धूल और औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण: स्टोन क्रशिंग यूनिट्स, निर्माण एवं विध्वंस (C&D) साइटों तथा DG सेट्स की गुप्त जांच की जाएगी। सड़कों की धूल साफ करने के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों (MRSMs) की तैनाती बढ़ाई जा रही है।

CAQM ने सभी संबंधित एजेंसियों को अंतर-विभागीय समन्वय के साथ तय समयसीमा में कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं ताकि आगामी सर्दियों में प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित रखा जा सके।

#DelhiAirQuality #CAQM #DelhiNCRPollution #PUCCMandate #CleanAirNCR #NoPUCCNoFuel #AirPollutionControl #GreenDelhi