प्रतिनिधि,पाकुड़।आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में शत प्रतिशत मतदान कर सकें इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग अथक प्रयास कर रहा है। मतदान करने हेतु दिव्यांगजनों को विशेष सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सक्षम ऐप विकसित किया गया है। सक्षम ऐप दिव्यांगजनों को मतदान के लिए पंजीकरण करने,अपना मतदान केंद्र को खोजने और वोट डालने में मदद करने के लिए कई सुविधाएं प्रदान करेगा।
उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने कहा कि राजमहल लोकसभा क्षेत्र के दिव्यांग मतदाता सक्षम ऐप का इस्तेमाल कर आसानी से मतदान कर सकेंगे। यह ऐप विशेष रूप से दिव्यांग जनों के लिए विकसित किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग हर संभव प्रयास कर रही है कि दिव्यांगों को मतदान करने में कोई परेशानी न उठानी पड़े।देश का हर दिव्यांग नागरिक भी अपने-अपने बूथों पर जाकर आसानी से मतदान कर सकें और देश के निर्माण में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि सक्षम ऐप को गूगल प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।





