पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,पाकुड़। जिले के आमड़ापाड़ा प्रखंड अंतर्गत डुमरचीर पंचायत के बड़ा वास्को संथाली गांव और लिट्टीपाड़ा प्रखंड के छोटा चटकम पहाड़िया टोला में डायरिया से पीड़ित होने की खबर स्वास्थ्य विभाग को मिली है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग डायरिया से पीड़ित लोगों को उपचार में जुट गया है। बड़ा वास्को संथाली गांव में ग्राम स्तर पर 33 मरीज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमड़ापाड़ा में 14 मरीजों का इलाज किया गया है। वहीं लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत छोटा चटकम गांव में 5 मरीज का इलाज किया गया है। सभी मरीजों के स्वास्थ्य में बेहतर सुधार हो रहे है।उक्त बातें सिविल सर्जन डॉ. मंटू टेकरीवाल ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर कही।





डाॅ. मंटू टेकरीवाल ने कहा कि बीमारी से संबंधित जानकारी मिलते ही तुरंत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को इन दोनों गांवों में कैंप लगाकर लोगों का जांच कर समुचित इलाज कराया गया। साथ ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि किसी भी गांव में डायरिया फैलने की सूचना प्राप्त होते ही तुरंत उस गांव में मेडिकल टीम के द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर सभी डायरिया से पीड़ित रोगियों का इलाज किया जाए एवं सभी डायरिया मरीजों को कम से कम एक सप्ताह तक चिकित्सक के निगरानी में फॉलो अप करने का निर्देश भी दिए। अभी इन दोनों गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम कैंप लगाकर गांव के लोगों को जांच कर समुचित इलाज कर रही है। सभी मरीज खतरे से बाहर है। साथ ही साथ सभी गांव वाले को झरना का पानी उबालकर पीने का अनुरोध किया गया है। गांव में साफ सफाई एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। डायरिया से बचाव हेतु इन दोनों गांवों में ओआरएस का वितरण किया गया है। वर्तमान में डायरिया की स्थिति नियंत्रण में है।