पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। हटिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम वार्ड संख्या 51 इलाके में कल्याणपुर (सिंह मोड़) रोड नंबर-3 के निवासी पक्की सड़क के लिए पिछले चार वर्षों से गुहार लगा रहे हैं,लेकिन उनकी गुहार जनप्रतिनिधि नहीं सुन रहे हैं। इस संदर्भ में मुहल्ले वासियों ने बताया कि पक्की सड़क बनाने के लिए उन लोगों के अनुरोध पर लगभग चार वर्ष पूर्व (18 जनवरी,2020 को) तत्कालीन मेयर आशा लकड़ा द्वारा उक्त मुहल्ले में पीसीसी पथ निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया।कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद सविता लिंडा भी मौजूद थीं। शिलान्यास के बाद मोहल्ले वासियों द्वारा सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ करने के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जाता रहा, बावजूद इसके इस दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई। इस बीच समय-समय पर मोहल्ले वासियों द्वारा स्थानीय पार्षद व विधायक से संपर्क साधा गया,लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा।कोई प्रगति नहीं हुई।
सड़क निर्माण के लिए मोहल्ले वासियों द्वारा लगातार दबाव बनाए जाते रहने के बाद हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने 28 दिसंबर 2022 को रांची नगर निगम के आयुक्त को पत्र प्रेषित कर जनहित के दृष्टिकोण से उक्त सड़क को महत्वपूर्ण बताते हुए सड़क निर्माण योजना की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इसके बाद 31 दिसंबर 2022 को रांची नगर निगम द्वारा उक्त सड़क निर्माण की निविदा भी समाचार पत्र में प्रकाशित की गई। सड़क निर्माण की लागत नौ लाख साठ हजार 27 रुपए निर्धारित करते हुए 70 दिनों के अंदर सड़क निर्माण का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया था।इसके बावजूद अब तक स्थिति यथावत है।
विदित हो कि इस मोहल्ले में पंजाब एंड सिंध बैंक अवस्थित है। वहीं मोहल्ले में लगभग 200 आवास हैं।खास करके बरसात के मौसम में इस सड़क पर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल है।मुहल्ले वासियों ने इस संबंध में एक बार फिर स्थानीय विधायक और पार्षद से संपर्क कर यथाशीघ्र पीसीसी सड़क निर्माण करने की मांग की है।





