नीति आयोग के तहत संचालित तिथि भोजन के माध्यम से स्वास्थ्य-पोषण व शिक्षा सेक्टर में बेहतर पहल करने पर बल
जमुआ प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय धरचांची में तिथि भोजन कार्यक्रम आयोजित
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह।भारत सरकार की महत्वकांक्षी योजना नीति आयोग के तहत गिरिडीह जिले के आकांक्षी प्रखंड जमुआ में तिथि भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जमुआ प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय धरचांची में तिथि भोजन कार्यक्रम के तहत बच्चों को पौष्टिक आहार/भोजन कराया गया। तिथि भोजन कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य-पोषण एवं शिक्षा सेक्टर में बेहतर पहल करने पर बल दिया गया।
नीति आयोग के ब्लॉक फेलो रितेश कुमार ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के बीच सामूहिकता, सेवा भावना और सामुदायिक एकता को बढ़ावा देना था। तिथि भोजन कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई, जिसे बच्चों ने बड़े ही आनंद के साथ खाया और इस कार्यक्रम की सराहना की।
रितेश कुमार ने पोषण आहार योजना के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि तिथि भोजन के माध्यम से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर तरीके से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार के साथ-साथ स्कूलों और समुदाय के बीच संबंधों को भी मजबूत करेगा।





