प्रतिनिधि,चतरा। सदर प्रखंड कार्यालय के निकट स्थित नीलांबर पितांबर पब्लिक स्कूल का आठवां वर्षगांठ सह नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई। यह वर्षगांठ काफी हर्ष एवं उल्लास के साथ और धूमधाम से मनाया गया।
इस मौके पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक नृत्य तथा नाटक प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों ने विशेष कर बाल मजदूरी पर रोक तथा कोरोना थीम पर नाट्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।इस वर्षगांठ के मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में चतरा के पुलिस कप्तान राकेश रंजन उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात अतिथियों के द्वारा नीलांबर पितांबर तथा सुभाष चंद्र बोस के तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुमताज आलम ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के सचिव श्री जगदीश भोक्ता ने किया।
इस अवसर मुख्य अतिथि पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षित व्यक्ति के अभाव में सभ्य समाज की कल्पना नहीं किया जा सकता है। जब तक समाज में शिक्षा का स्तर नहीं सुधरेगा तब तक समाज का विकास नहीं हो सकेगा। शिक्षित लोगों के द्वारा ही अच्छे समाज का निर्माण होता है। चतरा जैसे क्षेत्र में इस तरह की विद्यालय की शिक्षा का दीप जलाने में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आगे कहा कि चतरा में अब शैक्षणिक संस्थानों की कमी धीरे-धीरे समाप्त हो रही है। विद्यार्थियों को हर स्तर की शिक्षा पाने का अवसर मिल रहा है।
विशिष्ट अतिथि बिरजू तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज में बदलाव का सबसे बड़ा साधन है। शिक्षा के क्षेत्र में यह जिला बहुत ही पिछड़ा है। गांव स्तर पर अगर अच्छी शिक्षा का माहौल बन जाए तो उग्रवाद जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि शिक्षा के बिना मनुष्य का जीवन अधूरा है। शिक्षा से ही क्षेत्र का विकास संभव है। अतः दो रोटी कम खाए लेकिन बच्चों को अवश्य पढ़ाएं।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिषद् सदस्य निशा भारती, प्रधानाचार्य मोहम्मद मुमताज आलम,राजेश कुमार, बच्चन पांडे, राजेश सिंह चंद्रशेखर पांडे, मोहम्मद अजीम, मोहम्मद अफसर, शीश नैयर, मोहम्मद जसीम थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के उप प्राचार्य अरुण कुमार राणा, शिक्षक नीरज कुमार, अखिलेश कुमार, मुकेश कुमार, आशना परवीन, सोनी कुमारी, रोखसार फातमा, सुनीता कुमारी, सिद्दीका प्रवीण, गुड़िया कुमारी, रिंकी कुमारी समेत अनेकों गणमान्य लोग उपस्थित थे।





