विशेष संवाददाता,रांची।पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ ने राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में उनकी मांगों की स्वीकृति मिलने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय एवं झारखंड सरकार के प्रति आभार जताया।





विदित हो कि विगत लगभग ढाई सौ दिनों से पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत थे।पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय से भी मांगों के संदर्भ में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया था। मंगलवार को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में मांगों से संबंधित मंजूरी मिलने पर संघ के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया।





संघ के अध्यक्ष चंद्रदीप एवं सचिव युगल प्रसाद के नेतृत्व में पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल एचईसी आवासीय परिसर स्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय के आवास पर पहुंचकर उन्हें अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया।





मालूम हो कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने पंचायत सचिवालय स्वयंसेवकों की मांगों के संदर्भ में राज्य सरकार के मंत्री आलमगीर आलम से अनुरोध किया था। सहाय की पहल पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए राज्य सरकार ने पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक की मांगों को स्वीकृत किया।कैबिनेट के निर्णय के मुताबिक पंचायत स्वयंसेवक अब पंचायत सहायक कहलाएंगे। पंचायत सहायकों को प्रोत्साहन राशि के अलावा 2500 रूपए प्रतिमाह मानदेय व स्टाइपेंड, हेल्प डेस्क में पूर्ववत पंचायत सहायकों के चार सदस्य को शामिल करने का निर्णय लिया गया।





इस अवसर पर अध्यक्ष चंद्रदीप, सचिव युगल प्रसाद, पवन कुमार मंडल, विभा रानी, बाल गोविंद महतो, मनोज सेन, शमीम अख्तर, राजेंद्र नायक, प्रभात भूषण, नवीन, आनंद गुप्ता, मंटू कुमार, गौतम कुशवाहा, संतोष कुमार, अनीता देवी, सुनीता, संदीप, अजय, राजनाथ सहित काफी संख्या में पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के सदस्य मौजूद थे।





सुबोधकांत सहाय ने राज्य सरकार के प्रति किया आभार व्यक्त





राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा मंगलवार को पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ की मांगों के संदर्भ में स्वीकृति दिए जाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के इस निर्णय से पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है। राज्य सरकार का यह कदम स्वागत योग्य है।