एकता नगर (गुजरात)। भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान '72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार' (National Film Awards) इस बार एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं। इतिहास में पहली बार इस पुरस्कार समारोह का आयोजन देश की राजधानी दिल्ली के किसी बंद कॉन्फ्रेंस रूम से बाहर निकालकर गुजरात के खूबसूरत और विश्व प्रसिद्ध 'एकता नगर' (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर) में आयोजित किया जा रहा है। मंगलवार, 22 सितंबर की शाम देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को अपने कर-कमलों से सम्मानित करेंगी।

पर्यटन और सिनेमा का अनोखा संगम: अश्विनी वैष्णव

कार्यक्रम से पूर्व मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सरकार के इस बड़े विजन की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा:

"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से हम नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स को देश के सबसे बेहतरीन टूरिस्ट डेस्टिनेशंस तक लेकर जा रहे हैं। एकता नगर आज पूरी दुनिया में सरदार वल्लभभाई पटेल साहब की भव्य प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है। जब राष्ट्रपति महोदया और देशभर से आए महान कलाकार यहां पहुंचेंगे, तो दुनिया को इस खूबसूरत पर्यटन स्थल को और करीब से जानने का मौका मिलेगा।"

उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी ने जी20 (G20) की बैठकों को देश के कोने-कोने और राज्यों में आयोजित कर भारतीय संस्कृति को प्रस्तुत किया था, ठीक उसी तर्ज पर अब राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को भी पर्यटन से जोड़ा जा रहा है।

अगले साल किस राज्य में होगा अवॉर्ड शो? जानिए चयन की प्रक्रिया

भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अब हर साल देश का एक नया राज्य इस भव्य पुरस्कार समारोह की मेजबानी करेगा।

मेजबान राज्य के चुनाव का नियम:

  • प्रस्ताव (Proposal): केंद्रीय मंत्री ने देश के सभी राज्यों से अपने सबसे बेहतरीन टूरिस्ट डेस्टिनेशन का प्रपोजल भेजने का आग्रह किया है।
  • विकास योजना: राज्यों को उस पर्यटन स्थल पर उपलब्ध विश्वस्तरीय सुविधाओं (Best Facilities) और 360-डिग्री डेवलपमेंट का विस्तृत प्लान पेश करना होगा।
  • चयन आधारित निर्णय: जिस राज्य का टूरिज्म और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रपोजल सबसे बेहतर और सेलेक्ट होगा, आगामी नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स उसी गंतव्य (Destination) पर आयोजित किए जाएंगे।