प्रतिनिधि,जमशेदपुर।परसुडीह थाना अंतर्गत बारीगोड़ा में पुजारी सुबोध तिवारी हत्याकांड का खुलासा बुधवार पुलिस ने कर दिया है।पुलिस ने खुलासा करते हुए कहा है कि घटना को अंजाम देने के पहले प्रेमिका शारदा देवी ने प्रेमी पुजारी सुबोध तिवारी को शराब पिलाई और फिर भोजपुरी गाने में ठुमके लगाकर उसे मदहोश कर दिया। फिर मौका पाकर प्रेमिका ने अपने दुपट्टे से पुजारी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। साथ ही साक्ष्य छिपाने के लिए उसे फंदे पर लटकाकर कमरे के बाहर ताला लगाकर फरार हो गई।पूरे मामले की तह तक पहुंचने में पुलिस को 10 दिनों का समय लग गया।
मामले में थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा ने बताया कि महिला को गिरफ्तार करने के बाद ही हत्याकांड का खुलासा हो गया था। मगर मामले में बेटा और भतीजा का नाम आने के कारण पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पा रही थी। जिससे पुलिस बीच में फंसी हुई थी। अंततः जांच में यह साफ हो गया कि घटना को सिर्फ महिला ने ही अंजाम दिया है।पुलिस को जांच में यह पता चला कि शारदा पिछले एक साल से पुजारी के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। वहीं बारीगोड़ा और इसके आसपास के रहने वाले लोग दोनों को पति-पत्नी ही समझते रहे। बीते 6 मार्च को पुलिस ने जब पंडित का शव कमरे के अंदर फंदे पर लटका हुआ बरामद किया तो लोगों को जानकारी मिली कि पंडित से उसका अवैध संबंध था।
बताते चलें कि प्रेमिका ने 2 मार्च को उसकी हत्या की थी। जबकि 6 मार्च को मामले का भंडाफोड़ हुआ था। फिलहाल पुलिस ने प्रेमिका को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।





