वाराणसी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के काशी के 44वें दौरे पर आ रहे हैं।बाबा विश्वनाथ की शयन आरती कर पीएम लोकसभा चुनाव में जीत का आशीर्वाद मांगेंगे। शयन आरती के दौरान पीएम के लिए मंदिर में विशेष पूजा भी कराई जाएगी। पीएम फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के सिद्ध योग में देवाधिदेव महादेव का अभिषेक करेंगे।इससे पहले बाबतपुर एयरपोर्ट से काशी विश्वनाथ मंदिर तक पीएम रोड शो करते हुए पहुंचेंगे।
वाराणसी लोकसभा क्षेत्र से तीसरी बार प्रत्याशी बनाए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार आध्यात्मिक नगरी काशी आ रहे हैं। पीएम शनिवार की शाम छह बजे के बाद बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आएंगे। एयरपोर्ट से ही सड़क मार्ग से काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। भाजपा की क्षेत्रीय, जिला और महानगर इकाई ने प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए 38 प्वाइंट बनाए हैं। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही तीन स्थानों पर ढोल, नगाड़े बजेंगे।साथ ही पीएम पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर स्वागत किया जाएगा।
रविवार की सुबह दस बजे जाएंगे आजमगढ़
काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन करने के बाद पीएम मोदी बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे। इस बीच लहरतारा स्थित कैंसर हाॅस्पिटल, बनारस रेलवे स्टेशन के सामने और बीएलडब्ल्यू प्रवेश द्वार पर भव्य स्वागत किया जाएगा। दूसरे दिन रविवार को पीएम सुबह 10 बजे बरेका हेलिपैड से आजमगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2 बजे आजमगढ़ से वापस लालबहादुर शास्त्री हवाई अड्डे आएंगे और वहां से पीएम दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
अब सीधे नामांकन में आएंगे पीएम मोदी
एक पखवारे में दूसरी बार आध्यात्मिक नगरी काशी दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूसरे कार्यकाल का यह अंतिम दौरा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि अगले सप्ताह तक लोकसभा चुनाव की घोषणा हो जाएगी। अब पीएम नामांकन में ही काशी आएंगे। इस दौरान पीएम के साथ एनडीए के सहयोगी दलों के शीर्ष नेता और अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आ सकते हैं।
पीएम मोदी लेंगे फीडबैक
पीएम मोदी बरेका गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें पूर्वांचल फतह का मंत्र देंगे। इसमें प्रदेश के साथ ही क्षेत्रीय, जिला, महानगर और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। पीएम कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों का फीडबैक भी लेंगे।





