प्रतिनिधि,हजारीबाग। टाटीझरिया प्रखंड में हर घर नल जल योजना ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों के उदासीनता के कारण धरातल पर जनता की प्यास नहीं बुझा पा रही है। इनदिनों चिलचिलाती गर्मी में नलों से पानी घर में नहीं पहुंच पा रहा है।प्रखंड के खैरा,झरपो,भराजो,डहरभंगा,धरमपुर,डुमर, टाटीझरिया और बेडम पंचायत क्षेत्र में सोलर जलमीनार शो-पीस बनी हुई है। ग्रामीणों को पेयजल के लिए मशक्कत करना पड़ रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। बिना उपयोग के ही सोलर जलमीनार सफेद हाथी साबित हो रही है।





बीस सूत्री अध्यक्ष रवि सिंह ने बताया कि धरमपुर पंचायत के मुक्ति दूधमनिया में तालेश्वर साव के जमीन पर लगाए गए सोलर जलमीनार से मोटर की चोरी छह महीने पहले हो चुकी है। जहां से पेयजल की सुविधा बंद है। गांव के लगभग कुआं व जलस्रोत सूख चुके हैं। पेयजल के लिए ग्रामीण त्राहिमाम हैं। इसके अलावा भराजो, अमनारी, पानिमाको, डहरभंगा, डुमर समेत कई गांवों में सोलर जलमीनार का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।





स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि कई ऐसे बोरिंग हैं जो अभी से ही धंसने लगे हैं और लोगों के बीच पेयजल का संकट बना हुआ है। इसके चलते ग्रामीणों को पेयजल के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है।





ग्रामीणों का कहना है कि जलमीनार शो-पीस बनी हुई है। जबकि हर साल गर्मी के दिनों में ग्रामीणों को पेयजल के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। टाटीझरिया के होदहोदवा और बन्हें में निर्माणाधीन पानी टंकी से भी घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया। गर्मी बढ़ने के साथ ही भू-जल स्तर गिरने से अधिकतर कुएं सूख चुके हैं व हैंडपंप हांफ रहे हैं। ऐसे में लोगों को पानी के लिए परेशानी हो रही है।