बरेली। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी पूर्व सांसद माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ का गुर्गा लल्ला गद्दी ने एसओजी तक सरेंडर की सूचना पहुंचाई।इसके बाद देर रात वह सैटेलाइट के पास पहुंचा और एसओजी के आते ही सरेंडर कर दिया।लल्ला के सरेंडर करने का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
बता दें कि पुराना शहर निवासी लल्ला गद्दी का नाम माफिया अतीक के भाई अशरफ के साले सद्दाम के साथ आया है।आरोप है कि सद्दाम के साथ मिलकर लल्ला अशरफ को गैरकानूनी मदद करता था।इसी मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद लल्ला बिथरी चैनपुर और बारादरी थाने से वांछित था। लल्ला ने पुलिस से बचने के लिए कोर्ट में सरेंडर अर्जी लगाई थी,लेकिन बिथरी थाना पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट नहीं भेजी, जिसके चलते उसकी अर्जी पर सुनवाई नहीं हो पाई थी। लल्ला की सरेंडर एप्लीकेशन पर अगली सुनवाई के लिए कोर्ट ने आज 21 मार्च की तारीख तय की थी,लेकिन उसने सोमवार रात को बीच चौराहे पर सरेंडर कर दिया।
बताया जा रहा है कि लल्ला गद्दी को पुलिस एनकाउंटर का डर सता रहा था। इनकाउंटर के डर से लल्ला ने बीच चौराहे पर सरेंडर कर दिया और किसी ने उसका 5 सेकंड का सरेंडर का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर डाल दिया।पुलिस और अन्य एजेंसी लल्ला से पूछताछ में जुटी हुई हैं।पुलिस को उम्मीद है की सद्दाम और अशरफ के बहुत से राज इससे खुलेंगे।
जानें कौन है सद्दाम
बरेली जेल में बंद अशरफ के साले सद्दाम की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सद्दाम की आखिरी लोकेशन हैदराबाद में मिली है।अशरफ का साला सद्दाम बरेली में नाम बदलकर फर्जी पता दिखाकर रह रहा था। सद्दाम ने बरेली में अपना नाम मुस्ताक बताकर फर्जी पता दिखाकर मकान किराये पर लिया था।सद्दाम ही बरेली जेल में अशरफ से लिये सभी ऐशो-आराम की चीजे मुहैया करता था। सद्दाम ने बरेली के पॉश इलाके में किराये का मकान भी ले रखा था। सद्दाम की तलाश के दौरान पुलिस और एसटीएफ को एक लड़की के बारे में पता चला, जिसे कोई उससे सद्दाम की पत्नी तो कोई प्रेमिका बता रहा है।
सद्दाम से मिलने लड़की घर आती थी
चश्मदीदों ने बताया कि सद्दाम से मिलने अक्सर एक लड़की उसके घर आती थी और कई-कई घंटे रूकती थी।अब पुलिस उस लड़की तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक सर्विलांस से कॉल रिकॉर्ड और एजेंसियों की पड़ताल में सद्दाम के करीबी छह लोगों का पता चला है।इनमें एक पूर्व मंत्री के परिवार की लड़की भी शामिल है।यही लड़की सद्दाम की प्रेमिका के रूप में चर्चित है। यह लड़की ही अक्सर सद्दाम के खुश्बू एनक्लेव वाले किराये के घर पर आती जाती थी।
24 फरवरी को उमेश पाल की हुई थी हत्या
बता दें कि प्रयागराज में 24 फरवरी को बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके सुरक्षाकर्मी की बदमाशों ने धूमनगंज थाने से चंद कदम की दूरी पर ताबड़तोड़ गोलियां और बम बरसाकर हत्या कर दी थी।बदमाशों ने उमेश पाल हत्याकांड को 44 सेकेंड में अंजाम दिया था।





