बड़कागांव प्रखंड के डीलरों ने काला बिल्ला लगाकर प्रखंड मुख्यालय में दिया एक दिवसीय धरना





एक जनवरी से राशन बांटने का काम बंद:प्रखंड अध्यक्ष





प्रतिनिधि,बड़कागांव।बड़कागांव प्रखंड कार्यालय परिसर के समक्ष बड़कागांव डीलर संघ द्वारा एक दिवसीय धरना दिया गया,जिसकी अध्यक्षता डीलर संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता एवं संचालन बालेश्वर कुमार ने किया।





मुख्य वक्ता के रूप में प्रखंड डीलर संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि देश भर में 5 लाख डीलरों ने अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर 1 जनवरी 2024 से हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान देश भर के डीलर राशन वितरण ठप रखेंगे। उन्होंने कहा कि देश भर के 5 लाख डीलर 80 करोड़ जनता को राशन दे रहे हैं।इसके बदले में सरकार उन डीलरों को जीने खाने के नाम पर एक रूपया प्रति किलो की दर से भुगतान करती है।इसके दुगुना इन डीलरों का बिजली बिल, सामग्री तौलने के लिए मजदूर, रेंट आदि में खर्च हो जाता है। बहुत ऐसे भी डीलर हैं जिन्हें अपना घर चलाना मुश्किल हो जाता है।





बैठक में प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता ने कहा कि हम सभी डीलरों को अनुकंपा का लाभ जो पहले से दिया जाता था उस लाभ को जारी रखा जाए। साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का जो कमीशन 20 माह से बंद है उसे जल्द से जल्द भुगतान किया जाए। सभी डीलरों को 30000 से 35000 रुपए के मासिक मानदेय दिया जाए। राशन सामग्री वितरण करने के लिए एक सहायक की नियुक्ति की जाए। हम डीलरों का कमीशन 1 रु से बढ़ाकर 3 रु किया जाए। ग्रीन कार्ड का कमीशन जनवरी से अप्रैल तक राशन वितरण जो किया गया है उसका कमीशन जल्द से जल्द भुगतान किया जाए।





उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान हम डीलरों को अधिकारियों के द्वारा दबाव भी दिया जा सकता है कि उनका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। परंतु डीलर अपनी मांग को लेकर अडीग रहेंगे। आगे उन्होंने कहा कि डीलर क्षेत्र की जनता को राशन वितरण करते हैं तो 100 से 200 वोट इधर-उधर करने की भी ताकत रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रखंड से जब डीलरों को राशन उपलब्ध कराया जाता है तो राशन उठाने से एक दिन पूर्व डीलरों को सूचित करें ताकि वह खुद आकर अपने राशन को उचित मात्रा में तौल करवा कर ले जाएं। अक्सर देखा गया है कि दुकान राशन सामग्री पहुंचाने पर वहां कम मात्रा में होता है जिसके कारण ग्राहक हो हल्ला करते हैं।





बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता, सचिव बालेश्वर कुमार, रामेश्वर राम, संजर हुसैन, प्रकाश राम, चरण राम,विनोद राम, गोपाल तुरी, राजेन्द्र कुमार, एतवा तुरी, गंगाधर साव, सोनू कुमार गुप्ता, सुरेश चौधरी, खुदन राम, जागेश्वर महतो, कैलाश राम, सुरेंद्र तुरी सहित दर्जनों डीलर उपस्थित थे।