बड़कागांव वन क्षेत्र में हाथियों के उत्पात से ग्रामीण दहशत में





वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बेपरवाह





हाथियों के झुंड ने तोड़ी घर की खिड़कियां,फसलों को पहुंचाया नुकसान





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बड़कागांव।प्रखंड में हाथियों का झुंड घूम रहा है।इससे ग्रामीण दहशत में हैं।हाथियों का झुंड विभिन्न गांवों में प्रवेश कर घरों और खरीफ फसल को नुकसान पहुंचा रहा है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रखंड के पूर्वी सीमा सेहदा,चपरी जोराकाठ जंगल से प्रवेश करते हुए बीती रात नापोकला गांव तक हाथियों का झुंड पहुंच चुका है।





ग्रामीणों के अनुसार नापोकला में कई किसानों की धान की फसल को रौंदे जाने की खबर है। इसके अलावा ग्रामीण छटु गोप के मकान की खिड़की को भी हाथियों के हमले से नुकसान पहुंचा। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों के अनुसार हाथी का झुंड बाघलतवा जंगल में डेरा जमाए हुए हैं।ग्रामीणों के मुताबिक अभी तक वन विभाग के अधिकारियों की ओर से इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीण दहशत में हैं और वन विभाग के प्रति आक्रोशित भी हैं। कई ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते वन विभाग द्वारा यथोचित कार्रवाई नहीं की गई तो अनहोनी की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है।