पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।उपायुक्त माधवी मिश्रा के निर्देश पर जिले में अवैध खनन,भंडारण और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखते हुए शनिवार को जिला खनन टास्क फोर्स ने बराकर नदी से अवैध तरीके से निकाला गया बालू लदा पांच ट्रैक्टर जब्त किया है।
दरअसल उपायुक्त माधवी मिश्रा के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार,जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा,जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी के नेतृत्व में शनिवार की सुबह लगभग 9 बजे,खान निरीक्षक सुमित प्रशाद,बरांत उरांव और आवंटित पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से सरायढेला थानान्तर्गत गोल बिल्डिंग,बालाजी पेट्रोल के समीप औचक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान बालू लदे 5 ट्रैक्टरों को रोकने का इशारा किया गया।खनन टास्क फोर्स को देखते ही सभी ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भाग गये।स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि सभी ट्रैक्टरों में लदा बालू पूर्वी टुंडी थानांतर्गत बराकर नदी से अवैध खनन कर लाया गया है।
इसके बाद टीम ने पांचों बालू लदे ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया और सरायढेला थाना को सुपूर्द करते हुए सभी ट्रैक्टर मालिकों,चालकों और इसमें शामिल अन्य सभी लोगों पर सरायढेला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व इसी जगह पर राजेन्द्र सिंह और उसके अन्य साथियों द्वारा खनन टास्क फोर्स पर हमला किया गया था,लेकिन इस तरह के हमले से खनन टास्क फोर्स का मनोबल टूटा नहीं है, बल्कि लगातार कार्रवाई की जा रही है।सभी ट्रैक्टर किसके द्वारा लाया गया था और इसका मालिक और चालक कौन है,इसकी सघन जांच चल रही है।
जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा ने बताया कि जांच के बाद पाये गये दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी,जिससे बालू सहित अन्य खनिजों के अवैध खनन,भंडारण व परिवहन करने वालों पर पूर्णतः लगाम लग सके।





