प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बहरागोड़ा थाना अंतर्गत कालियाडीह से गांजा तस्करों के गुजरने की गुप्त सूचना मिलने पर शनिवार की शाम पुलिस द्वारा एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।इसी बीच टाटा टियागो और मारुति स्विफ्ट कार को पुलिस ने आशंका होने पर रोका। जांच करने पर पुलिस ने उक्त कारों से 78 किलो गांजा बरामद किया। साथ ही उस पर सवार 7 लोगों को भी गिरफ्तार किया।मामले का खुलासा रविवार पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने पत्रकारों के समक्ष किया।





प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि गांजा आंध्रप्रदेश विजयनगर से लाया जा रहा था। साथ ही इसे जमशेदपुर शहर में खपाने की योजना थी।गिरफ्तार सभी आरोपी घाटशिला और बहगारोड़ा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। जिसमें घाटशिला कपागोड़ा कीताडीह निवासी राजु दास, बहरागोड़ा बागदाहा गुहियापाल निवासी सच्चिदानंद बेरा, घाटशिला खड़िकासोल निवासी स्वपन कुमार गोराई, बहरागोड़ा दुबराजपुर निवासी अभिषेक गिरी, घाटशिला गोपालपुर निवासी राजदीप सिंह, डुमरिया भागाबंदी निवासी मनसा रामदास और बहरागोड़ा जयनादाही का रहने वाला मिहिर कुमार घोष शामिल है।





ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजदीप सिंह ही गिरोह का सरगना है। वहीं पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि गांजा आंध्रप्रदेश के विजयनगर से खरीदा था और 78 किलो गांजा का 20 लाख में सौदा किया था। गांजा को वे लोग दो कार से खपाने के लिए जमशेदपुर शहर लेकर जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में से किसी का भी अपराधिक इतिहास पूर्व में नहीं है।





आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनी छापेमारी दल में घाटशिला के एसडीपीओ कुलदीप टोप्पो, बहरागोड़ा के अंचल इंस्पेक्टर रफाएल मुर्मू, बहरागोड़ा थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, श्यामसुंदरपुर थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलुंग, बहरागोड़ा थाना के एसआई सत्येंद्र कुमार, आनंद पंडित, एएसआई अब्दुल रहीम खान, ओम शरण समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल थी।