प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना की पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को 13 सालों बाद गिरफ्तार कर मंगलवार सलाखों के पीछे भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी नीलू होनहागा उर्फ लीलू होनहागा उर्फ रवि होनहागा बागबेड़ा बाजार टोला का रहने वाला है। उसके विरुद्ध वर्ष 2010 में बागबेड़ा थाने में मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया था। वहीं मामला दर्ज होते ही उसने शहर छोड़ दिया था। दूसरी ओर 13 सालों बाद उसके घर आने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। जिसके बाद छापेमारी कर पुलिस ने उसे दबोच लिया। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।