बाबूलाल मरांडी ने किया बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित,ताला मरांडी के लिए मांगा वोट





जनता के पैसे को राज्य सरकार बांग्लादेश भेज रही है:बाबूलाल मरांडी





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,पाकुड़। राज्य की इंडिया गठबंधन की सरकार ने बीते साढ़े चार साल से सिर्फ जनता का पैसा बटोरने का काम किया है। लूटे हुए पैसे को बांग्लादेश भेजने के बाद जो बचा है सिर्फ उसे ही ईडी ने पकड़ा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी शुक्रवार को पाकुड़ के महेशपुर में भाजपा के विधानसभा स्तरीय बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।





पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इसी राजमहल लोकसभा के बरहेट विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही जमीन घोटाले के आरोप में जेल जा चुके हैं। मुख्यमंत्री के बाद सरकार में दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाले मंत्री पाकुड़ विधायक आलमगीर आलम के निजी सचिव के नौकर के घर से ईडी ने करोड़ों रुपए जब्त करने के बाद आगे कार्रवाई करते हुए उन्हें भी होटवार जेल भेज दिया गया। इन लोगों ने कोयला,बालू से लेकर पहाड़ तक को नहीं छोड़ा है। सबको अवैध तरीके से बेचने का काम किया है।





पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन सरकार से झारखंड का भला नहीं हो सकता है। इसलिए जिस पार्टी ने झारखंड को अलग राज्य बनाने का काम किया है, लोकसभा चुनाव में उसका यानी भाजपा को वोट देने के लिए घर-घर जाकर लोगों को समझाने का काम करें।





पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासियों की 600 बीघा जमीन हड़पने का काम किया है।उन्होंने कहा कि यहां की जनता भाजपा को वोट देकर जिताए। उसके बाद हेमंत सोरेन के पास से 600 बीघा अवैध जमीन को छीनकर यहां के 100 युवाओं के बीच छह-छह बीघा करके बांट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोगों ने सिर्फ देश को एवं गरीबों को लूटने का काम किया है।